Ghaziabad crime : गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक बेहद ही चौंकाने एवं हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला को अपने पति, बेटे और भतीजे को एक साल तक धीमा जहर देने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला पर आरोप है कि प्रॉपर्टी और पैसे के लिए महिला परिवार के ही तीन लोगों को अपने रास्ते से हटाना चाहती थी। यहां के सुशील भाटनागर का नाम इलाके में एक कामयाब कारोबारी के तौर पर लिया जाता था। उनका ट्रैवल बिजनेस, जिसकी कीमत पुलिस के मुताबिक पांच से छह करोड़ रुपये की है।
रिपोर्टों के मुताबिक सुशील की तबीयत पिछले कुछ महीनों से लगातार बिगड़ रही थी। कभी कमजोरी, कभी पेट दर्द, तो कभी चक्कर। शुरुआत में परिवार ने इसे मौसम का असर या काम की थकान समझा। धीरे-धीरे हालत इतनी बिगड़ी कि सुशील को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। डॉक्टरों ने कई जांचें करवाईं। जब रिपोर्टें आईं, तो सब चौंक गए। सुशील के शरीर में लेड, यानी सीसे का जहर पाया गया। यह कोई सामान्य बीमारी नहीं थी। किसी ने सोच-समझकर उन्हें धीरे-धीरे जहर दिया था।
शक की सुई घर के भीतर ही घूमने लगी
सुशील के मन में सवाल उठा कि आखिर घर के भीतर कौन उनका दुश्मन हो सकता है? जब उन्होंने बारीकी से सोचा, तो उन्हें याद आया कि उनके बेटे और भतीजे की तबीयत भी बार-बार खराब रहती थी। शक की सुई घर के भीतर ही घूमने लगी। 24 सितंबर को सुशील ने हिम्मत जुटाकर इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी रेनू भाटनागर और उसके परिवार के कुछ लोगों ने मिलकर उन्हें, उनके बेटे और भतीजे को मारने की साजिश रची। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की।
पत्नी को जीवन बीमा पॉलिसी के बारे में पूरी जानकारी थी
जांच आगे बढ़ी तो परतें खुलने लगीं। 23 नवंबर को पुलिस ने रेनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार रेनू ने बताया कि उसे अपने पति के कारोबार की कीमत और उनकी दो करोड़ रुपये की जीवन बीमा पॉलिसी के बारे में पूरी जानकारी थी। उस पॉलिसी में नॉमिनी वह खुद थी। पुलिस का कहना है कि रेनू को लगता था कि पति की मौत के बाद सारी संपत्ति और बीमा की रकम उसके हाथ आ जाएगी। यानी जिस रिश्ते की बुनियाद भरोसे पर टिकी होती है, उसी में लालच ने सेंध लगा दी। जिस हाथ से परोसे गए खाने को सुशील अपनापन समझते रहे, उसी में कथित तौर पर मौत घुली हुई थी।
मामला अभी जांच के दायरे में
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। अब यह भी देखा जा रहा है कि बेटे और भतीजे को जहर देने के पीछे क्या मकसद था और शिकायत में नामजद बाकी लोगों की इसमें क्या भूमिका रही। यह मामला अभी जांच के दायरे में है और आरोपों पर अदालत में फैसला होना बाकी है। यह घटना एक कड़वी सच्चाई याद दिलाती है कि पैसे की चाह जब हद से बढ़ जाती है, तो रिश्तों की मर्यादा भी टूट जाती है।
