शहर

कल का मौसम कैसा रहेगा, 28 नवंबर 2026: दिल्ली-UP सहित 7 राज्यों में घने कोहरे के कारण होगा सब धुआं-धुआं, साउथ में बारिश का अलर्ट

kal ka Mausam (28 november 2026) Mausam Vibhag Ka Alert, Pure Bharat Ke Masuam Ki Jankari: शनिवार 28 नवंबर को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। तमिलनाडु, पुडुचेरी में भारी बारिश और अंडमान में मौसम बदलने का अनुमान है।

Image

जानें शनिवार 28 नवंबर को कैसा रहेगा देशभर का मौसम

Kal Ka Mausamm (कल का मौसम कैसा रहेगा): नवंबर का अंतिम सप्ताह चल रहा है और देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने कल यानी शनिवार 28 नवंबर को उत्तर भारत के कई राज्यों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है। उत्तर प्रदेश के दोनों हिस्सों में लगातार दूसरे दिन घना कोहरा छाने की संभावना है। वहीं, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में भी सुबह के समय विजिबिलिटी प्रभावित हो सकती है। दूसरी ओर, पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दक्षिण भारत के राज्यों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश की चेतावनी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 27 और 28 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में आज यानी शुक्रवार 27 नवंबर को भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में दक्षिण भारत के कई इलाकों में अगले 24 घंटे के दौरान लोगों को बारिश और तेज हवाओं का सामना करना पड़ सकता है।

UP-दिल्ली सहित इन राज्यों में घने कोहरे का अलर्ट

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, 28 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में घना कोहरा छाने की आशंका है। वहीं, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 29 नवंबर तक सुबह के समय घना कोहरा परेशान कर सकता है।

हिमाचल प्रदेश में 1 दिसंबर तक घने कोहरे की संभावना है। इसके अलावा असम और मेघालय में आज और नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 से 29 नवंबर तक घना कोहरा छा सकता है। कोहरे के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

पूर्वी हवाओं के प्रभाव से दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। 28 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कई स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है। इन इलाकों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है।

केरल, माहे और लक्षद्वीप में आज और कल व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना है। तटीय कर्नाटक में 27 और 28 नवंबर को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में 27 नवंबर से 3 दिसंबर तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

अंडमान-निकोबार में बारिश के साथ तेज हवाएं

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 29 नवंबर तक कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक कई स्थानों पर व्यापक बारिश का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग ने 29 नवंबर से 2 दिसंबर के दौरान यहां गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। झौंकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी संभव है।

पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक हफ्ते के दौरान पश्चिम और मध्य भारत में किसी बड़े मौसमी बदलाव की संभावना नहीं है। यहां कोई महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि होने का अनुमान नहीं जताया गया है।

इस तरह शनिवार 28 नवंबर को जहां उत्तर भारत के कई राज्यों में घना कोहरा सुबह की परेशानी बढ़ा सकता है, वहीं दक्षिण भारत में बारिश और गरज-चमक का असर देखने को मिलेगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article