देश

कल्याण बनर्जी का निलंबन खत्म करने की मांग, अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा स्पीकर को लिखी चिट्ठी

कल्याण बनर्जी को 22 जुलाई को संसद के मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया था। नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया के सदस्यों ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्होंने महिला सदस्यों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था।

Image

कल्याण बनर्जी का सस्पेंशन खत्म करने की मांग।

केंद्र की मोदी सरकार ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। इस सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन विधेयक पर चर्चा की जानी है। जिसके लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष अपनी रणनीति बना रहे हैं। इस बीच,तृणमूल कांग्रेस ने लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी के निलंबन को समाप्त करने की पहल की है। लोकसभा में पार्टी के नेता अभिषेक बनर्जी ने शुक्रवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को इस बाबत पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने सदन की आगामी बैठक से पहले इस मामले में जल्द फैसला लेने का आग्रह किया है।

अभिषेक बनर्जी ने अपने पत्र में कहा कि निलंबन जारी रहने के कारण कल्याण बनर्जी सदन की कार्यवाही में हिस्सा नहीं ले पाएंगे। इससे एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के तौर पर उनकी जिम्मेदारियों के साथ ही लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) की भूमिका भी प्रभावित होगी।

नियम 374(2) का दिया हवाला

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने अपनी इस अपील के समर्थन में लोकसभा की कार्यवाही और संचालन संबंधी नियमों के नियम 374(2) का हवाला दिया है। इस प्रावधान के तहत सदन में प्रस्ताव लाकर किसी सदस्य का निलंबन समाप्त किया जा सकता है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से अपील करते हुए अभिषेक बनर्जी ने कहा कि लोकसभा की आगामी बैठक को देखते हुए निलंबन खत्म करने के प्रस्ताव पर जल्द विचार कराने की व्यवस्था की जाए,ताकि कल्याण बनर्जी संसदीय कार्यवाही में दोबारा हिस्सा ले सकें और अपनी जिम्मेदारियां निभा सकें।

महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप

बता दें कि कल्याण बनर्जी को 22 जुलाई को संसद के मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित किया गया था। नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) के सदस्यों ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्होंने महिला सदस्यों के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। संसद का मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था और 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था। हालांकि, सत्रावसान की औपचारिक घोषणा नहीं की गई थी।

30 नवंबर से फिर शुरू होगी लोकसभा की बैठक

लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से फिर शुरू होने वाली है, जबकि राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को होगी। जरूरतों के अनुसार दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकती हैं।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article