शहर

'राम को मानना ही काफी नहीं, राम के आदर्शों पर चलना जरूरी', कैलाश सत्यार्थी के बुक लॉन्चिंग पर बोले मोहन भागवत

Mohan Bhagwat Kailash Satyarthi Book: नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की नई पुस्तक 'करुणानायक राम' का विमोचन करते हुए RSS के सरसंघचालक मोहन भागवत ने भगवान राम में निहित करुणा और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे।

Image

मोहन भागवत (फोटो साभार- @rajeshpadmar)

Mohan Bhagwat Kailash Satyarthi Book: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने शुक्रवार को नई दिल्ली में नोबेल शांति पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी की नई पुस्तक 'करुणानायक राम' का विमोचन किया। प्रभात प्रकाशन से प्रकाशित इस पुस्तक में भगवान राम के व्यक्तित्व, जीवन दर्शन और आदर्शों को करुणा, मानवीय संवेदना, सामाजिक न्याय और नैतिक जिम्मेदारी के व्यापक संदर्भ में प्रस्तुत किया गया है। कार्यक्रम का आयोजन इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (IGNCA) ने किया था। इसमें भूटान की राजकुमारी सोनम देचेन वांगचुक मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि थे।

कैलाश सत्यार्थी की बुक लांचिंग पर पहुंचे मोहन भागवत

इस अवसर पर कैलाश सत्यार्थी, IGNCA के सदस्य सचिव सच्चिदानंद जोशी और प्रकाशक प्रभात कुमार भी मौजूद रहे। पुस्तक का विमोचन करते हुए मोहन भागवत ने भगवान राम में निहित करुणा और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि हम सभी के भीतर एक सहज भावना है, जो हमें दूसरे के दुख को दूर करने के लिए कुछ करने को प्रेरित करती है, वही करुणा है।

भागवत ने कहा, "करुणा, मर्यादा और लोक कल्याण की भावना भगवान राम के चरित्र में निहित है। राम और रावण के बीच मूल अंतर यही था कि रावण 'मैं' और 'मेरा' के अहंकार में सीमित रहा, जबकि राम का जीवन करुणा के आदर्श और धर्म के अभ्यास का प्रतीक है। अहंकार का अर्थ है 'मैं' और 'मेरा' से आगे न देख पाना। जब तक हम इस आसक्ति से ऊपर नहीं उठते, तब तक हम इस शाश्वत सत्य का अनुभव नहीं कर सकते कि हम सभी मूल रूप से एक-दूसरे से जुड़े हैं।" उन्होंने कहा कि करुणा तब प्रकट होती है, जब दूसरे का दुख हमारा अपना दुख बन जाता है।"

उन्होंने कहा, "करुणा कोई विशेष गुण नहीं, बल्कि मानवता की स्वाभाविक अभिव्यक्ति है। यह तब प्रकट होती है जब दूसरे का दुख हमारा अपना बन जाता है और हम उसे दूर करने के लिए अपनी क्षमता के अनुसार कार्य करते हैं। केवल सहानुभूति व्यक्त करना करुणा नहीं है, करुणा हमें सेवा और सभी के कल्याण के लिए काम करने को प्रेरित करती है। हम कभी अकेले खुश नहीं रह सकते, हमारी खुशी समाज, प्रकृति और दुनिया की भलाई से जुड़ी है।" भागवत ने कहा कि केवल राम में विश्वास करना ही काफी नहीं है, राम के आदर्शों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने कहा कि देश और दुनिया की कई समस्याएं 'मैं' और 'मेरा' के आग्रह और करुणा के अभाव से पैदा होती हैं।

भूटान की राजकुमारी ने बताई गर्व की बात

उन्होंने कहा, "ऐसे समय में करुणा का वैश्वीकरण आवश्यक है। केवल जब हम अपने सीमित स्वार्थ से ऊपर उठकर पूरी सृष्टि के प्रति अपनापन विकसित करेंगे, तभी हम वास्तव में मानवता और वैश्विक कल्याण की ओर बढ़ सकते हैं।" भूटान की राजकुमारी सोनम देचेन वांगचुक ने कहा कि यह भूटान के लिए गर्व की बात है कि कैलाश सत्यार्थी ने देश को राम राज्य का एक अच्छा उदाहरण बताया है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article