देश

Bisleri के इस प्लांट के सैंपल में मिला बैक्टीरिया, FSSAI की जांच में कोलीफॉर्म की पुष्टि; बिक्री पर लगाई रोक

Bisleri Row: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी के एक सैंपल में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। सूत्रों के हवाले यह जानकारी सामने आई।

Image

बिसलेरी के सैंपल में मिला बैक्टीरिया

Photo : ANI

Bisleri Row: भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांड बिसलेरी के एक सैंपल में बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि हुई है। जांच में पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म (Coliform) बैक्टीरिया पाया गया। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी।

सूत्रों के मुताबिक, यह सैंपल पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपारा गांव स्थित एक प्लांट से लिया गया था। जुलाई 2026 में लिए गए इस सैंपल की प्राथमिक और रेफरल, दोनों प्रयोगशालाओं में जांच हुई थी।

सिर्फ एक बैच की बिक्री पर रोक

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जांच में जिस पानी के बैच में बैक्टीरिया पाया गया, उसका बैच नंबर PB 201 है। इस बैच की मैन्युफैक्चरिंग डेट 20 जुलाई, 2026 और एक्सपायरी डेट 19 जनवरी, 2027 थी। सूत्रों के मुताबिक, FSSAI ने 12 अगस्त, 2026 को सिर्फ एक बैच की बिक्री पर रोक लगाई थी।

देशभर में पानी के ब्रांडों की जांच

सूत्रों के अनुसार, देशभर में विभिन्न पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर ब्रांडों के सैंपल की जांच की जा रही है। इस अभियान का उद्देश्य पानी की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच करना है।

'बोतल बंद पानी की देशव्यापी जांच जारी'

इससे पहले, एफएसएसएआई के सीईओ राजित पुनहानी ने बुधवार को बताया था कि खाद्य नियामक देशभर से बोतल बंद पानी के सैंपल एकत्रित कर रहा है और इनकी प्रयोगशाला जांच करीब दो महीने में पूरी हो जाएगी। उन्होंने बताया था कि एफएसएसएआई जल्द ही खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल होने वाली पैकेजिंग सामग्री का निरीक्षण भी शुरू करेगा। यह सामग्री खाद्य पदार्थों के लिए सुरक्षित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी NCP

बोतल बंद पानी के खिलाफ कार्रवाई के बारे में पूछे जाने पर पुनहानी ने बताया था, ''हम इस प्रक्रिया में हैं। इसकी शुरुआत हो चुकी है। हम देशभर में नमूने ले रहे हैं।'' उन्होंने आगे बताया था कि इसके पीछे कोई खास वजह नहीं है। पिछले एक साल में आपने देखा होगा कि हमने एक-एक करके कई क्षेत्रों की जांच की है। हमने डेयरी उत्पादों, मांस, अंडे, अनाज, ऊर्जा पेय और मीठे पेय पदार्थों की जांच की है। पानी भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article