Punjab News: पंजाब सरकार ने 1 जुलाई से महिलाओं को 1 हजार रुपये हर महीने देने का ऐलान कर दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी का यह प्रमुख चुनावी वादा था लेकिन अभी तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है। मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना के तहत यह राशि पंजाब की महिलाओं को दी जाएगी। इस योजना के तहत सामान्य श्रेणी की महिला को एक हजार रुपये प्रति महीने और दलित समाज से जुड़ी महिला को 1500 हर महीने दिए जाएंगे। 1 जुलाई को पंजाब सरकार ने 3 महीने की किस्त एक साथ देने का भी ऐलान किया है। इसके तहत सामान्य श्रेणी की महिला को 3000 और दलित समाज से जुड़ी महिला को 4500 रुपये दिए जाएंगे। इस योजना के लिए महिलाओं का पंजीकरण इसी साल बैसाखी से शुरू किया गया था।
मां, बहनों और बेटियों को बहुत-बहुत बधाई
पंजाब सरकार की इस योजना को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पंजाब की सभी मां, बहनों और बेटियों को बहुत-बहुत बधाई। 1 जुलाई को उनके खाते में तीन महीने के पैसे एक साथ आयेंगे। हर जनरल केटेगरी की महिला को तीन हज़ार और हर SC केटेगरी की महिला को 4500 रुपये मिलेंगे। एक परिवार में यदि एक से अधिक महिला हैं तो हर महिला को ये सम्मान राशि मिलेगी। पूरी दुनिया का ये सबसे बड़ा महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम है।
"आज यह वादा अधूरा है"
वहीं भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने कहा है कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सरकार बनते ही हर महिला को 1000 देने का वादा किया था लेकिन 52 महीने बीत जाने के बाद भी आज यह वादा अधूरा है पंजाब सरकार लगातार महिलाओं को गुमराह कर रही है। पंजाब सरकार को हर महिला को मार्च 2022 से बकाया राशि भी देनी चाहिए।
"हर महिला को बकाया 51 हजार रुपये देने चाहिए"
वहीं पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरेंद्र सिंह राजा वडिंग ने कहा पंजाब सरकार को तुरंत पंजाब की हर महिला को बकाया 51 हजार रुपये देने चाहिए पंजाब सरकार अब आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अपने सरकार के आखिरी समय में इस योजना का ऐलान कर रही है। आम आदमी पार्टी इसे सबसे बड़ी योजना नारी शक्ति के लिए बता रही है लेकिन कांग्रेस शासित तेलंगाना और कर्नाटक राज्यों में 2500 और 2000 रुपये की राशि महिलाओं को दी जा रही है।
पंजाब भाजपा के महासचिव ने कही ये बात
पंजाब भाजपा के महासचिव अनिल सरीन ने कहा आम आदमी पार्टी अपने कार्यकाल के अंतिम साल में जब महज 6 महीने बचे हैं तब महिलाओं को यह राशि देने का ऐलान कर रही है। पंजाब सरकार को हर महिला को राशि बढ़ाकर देनी चाहिए चाहे सामान्य श्रेणी की महिला हो या दलित समाज से जुड़ी हुई महिला हो। इसके साथ-साथ पंजाब सरकार यह भी बताए कि योजना के तहत अब तक कितनी महिलाओं का पंजीकरण किया गया है।
