Pune Crime News: सेल्फी के दौर में लोग तस्वीरें खिंचाने के लिए हर वक्त उत्साहित होते हैं। हालांकि कभी-कभी यह सेल्फी कुछ लोगों के लिए इतनी खतरनाक हो जाती है कि, जान पर बन आती है। इसका ताजा उदाहरण कोल्हापुर में देखने मिली है, जहां चार लड़कियों को पानी के पास सेल्फी लेना भारी पड़ गया है। पुलिस ने बताया है कि, कर्नाटक के बेलगावी की चार कॉलेज छात्राएं शनिवार दोपहर महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले की चांदगढ़ तहसील के किवाड़ वाटरफॉल में सेल्फी लेने की कोशिश कर रही थी और पैर फिसलने से डूब गईं।
मृतकों की पहचान उज्ज्वल नगर निवासी आसिया मुजावर (17), अंगे गांव के कुदरशिया हस्म पटेल (20), झटपट कॉलोनी की रुक्काशा भिस्ती (20) और तस्मिया (20) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि, डूबने वाली लड़कियों में से एक लड़की बच गई है, जिसे कर्नाटक के बेलगावी के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
