Etah Encounter: उत्तर प्रदेश के एटा जनपद की अलीगंज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में 25-25 हजार रुपए के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। मौके से अवैध हथियार, कारतूस और बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
कैल्ठा रोड पर हुई मुठभेड़
अलीगंज के क्षेत्राधिकारी (CO) राजेश सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात करीब 11:50 बजे थाना अलीगंज पुलिस ग्राम नंगला किस्स के पास एटा रोड पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एटा की तरफ से एक बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिए। जब पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग कर दी और कैल्ठा रोड की तरफ भागने लगे।
फायरिंग करते हुए भागे बदमाश, बाइक फिसलने से धरे गए
पुलिस टीम ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाश कैल्ठा रोड से ईदगाह मार्ग की तरफ मुड़ गए। कुछ दूर आगे कच्चे रास्ते पर मुड़ते वक्त उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर पड़ी। बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिसकी पहचान रामपाल के रूप में हुई। वहीं, दूसरे बदमाश को पुलिस ने कॉम्बिंग के बाद दबोच लिया, जिसने अपना नाम बिजेंद्र उर्फ बागड़ी निवासी कासगंज बताया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट, सीमाओं पर कड़ी चेकिंग और भारी बल तैनात, पुलिस ने की शांति बनाए रखने की अपील
अवैध हथियार और नकदी बरामद
पुलिस ने घायल बदमाश रामपाल को तत्काल इलाज के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया है। गिरफ्तार किए गए दोनों बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने 2 अवैध तमंचे (315 बोर), 4 जिंदा कारतूस और 3 खोखा कारतूस और 1 बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। साथ में पुलिस को 2,520 रुपए नगद मिले हैं। पुलिस द्वारा दोनों अभियुक्तों के खिलाफ अलीगंज थाने में संगीन धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
