Pune Fire News: महाराष्ट्र के पुणे में पिंपरी-चिंचवड क्षेत्र में स्थित एक पटाखा दुकान में आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का काम शुरू किया।
अग्निशमन विभाग के उपायुक्त वेंकटेश दुर्वास ने बताया कि सुबह करीब 6:30 बजे एक पटाखा गोदाम में आग लगने की जानकारी मिली। टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव अभियान शुरू कर दिया। उनके अनुसार, आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है और किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
उपायुक्त ने कहा कि फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच बाद में की जाएगी। मौके पर 150 से अधिक फायर फाइटर तैनात हैं और बचाव कार्य जारी है। सुरक्षा को देखते हुए आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है।
