Pune News: पुणे के मावल इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां तीन दोस्तों को सेल्फी लेना जानलेवा साबित हो गया। शुक्रवार शाम को जाधववाड़ी बांध में तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई। तीनों मृतक पुणे के भोसरी इलाके के रहने वाले थे। इसी दिन पवना नदी में एक और युवक की जान गई, जिससे कुल चार मौतों से इलाके में हड़कंप मच गया।
पिकनिक मनाने मावल आए थे तीन दोस्त
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान भोसरी निवासी अजय गरुडे, अनिकेत पवार और संतोष येडके के रूप में हुई है। शुक्रवार को तीनों दोस्त मावल इलाके में पिकनिक मनाने के लिए आए थे। जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक बांध के किनारे पानी में खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। तभी फोटो के लिए पोज देते समय एक युवक का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया।
दोस्त को बचाने पानी में कूदे दो युवक
दोस्त को डूबता देख बाकी दो युवकों ने भी उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन वे लोग गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके, जिस कारण तीनों की डूबने से मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद शवों को बाहर निकाला गया।
एक ही दिन में चार युवक पानी में डूबे
इसी दिन एक अलग घटना में पवना नदी में भी एक युवक के डूबने की खबर सामने आई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना से एक ही दिन में चार लोगों की डूबने से मौत हो गई। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे बांध और नदी जैसे जलाशयों के पास जाते समय सावधान रहें और बेवजहजोखिम न लें।
