Ghaziabad Police Encounter: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर इलाके में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ की यह घटना तब हुई, जब पुलिस इलाके में वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को बाइक पर सवार एक संदिग्ध दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया, जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया। जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। आरोपी की पहचान आनंद के रूप में हुई है।
29 अप्रैल को आरोपी ने की शख्स की हत्या
जांच में पता चला है कि आनंद 29 अप्रैल को हुई एक हत्या के मामले में वांटेड था। आरोप है कि उसने एक युवक के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गया और युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस आनंद की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने साथियों के साथ लोनी बॉर्डर इलाके में किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की और इलाके में घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की। लेकिन आरोपी ने तमंचे से पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसके बाद मुठभेड़ हुई।
पुलिस को आरोपी के पास से एक 315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और एक बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
