प्रयागराज

Prayagraj: काली स्वांग के दौरान भीड़ के बीच बेखौफ हवाई फायरिंग; वीडियो वायरल, आरोपी गिरफ्तार

प्रयागराज में नवरात्र के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक काली स्वांग कार्यक्रम के दौरान लोगों की भीड़ के बीच एक युवक ने बेखौफ होकर हवाई फायरिंग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। यह घटना उस धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा के दौरान हुई, जिसमें श्रद्धालु मां काली का रौद्र रूप धारण कर जुलूस निकालते हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Image

जुलूस के दौरान फायरिंग करता युवक

Photo : Times Now Digital

Prayagraj Viral Video: प्रयागराज में नवरात्र के मौके पर आयोजित ऐतिहासिक काली स्वांग कार्यक्रम के दौरान शनिवार देर रात अचानक फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। दो हजार से अधिक की भीड़ के बीच एक युवक ने बेखौफ होकर हवाई फायरिंग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह घटना मुट्ठीगंज क्षेत्र में हुई, जहां हर साल पारंपरिक रूप से काली स्वांग का आयोजन किया जाता है।

42 सेकंड के वायरल वीडियो में 30वें सेकेंड के बाद साफ दिखाई देता है कि एक युवक पिस्तौल निकालकर भीड़ में ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग करता है। आसपास मौजूद कई लोगों ने इस घटना को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वहीं कुछ लोग फायर स्प्रे छोड़ते और तलवारें लहराते भी दिखाई दिए, जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान ऊंचामंडी निवासी आशुतोष यादव उर्फ मुकुंद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह सर्राफा व्यवसायी है और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से फायरिंग की थी।

एसीपी राजकुमार मीणा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पिस्तौल जब्त कर ली है और आगे की जांच की जा रही है।

काली स्वांग प्रयागराज की एक प्राचीन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा है, जो नवरात्र के दौरान दारागंज समेत कई इलाकों में निकाली जाती है। इसमें श्रद्धालु मां काली का रौद्र रूप धारण कर हाथ में खप्पर, तलवार या भुजली लेकर जुलूस में शामिल होते हैं। शनिवार रात भी पारंपरिक रूप से यह आयोजन जारी था, लेकिन अचानक हुई फायरिंग से कार्यक्रम कुछ देर के लिए रुक गया और अफरा-तफरी मच गई।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article