शहर

Gujarat: पाटन में पेड़ पर दुपट्टे के सहारे लटके मिले प्रेमी युगल के शव, आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी

गुजरात के पाटन जिले की सरस्वती तहसील के जंगराल गांव में खेत के नीम के पेड़ से युवक-युवती के शव लटके मिले। वागडोद पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर BNSS की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

पेड़ के पास पड़ा मृतक युगल का सामान

गुजरात के पाटन जिले की सरस्वती तहसील अंतर्गत जंगराल गांव की सीमा में सोमवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के एक खेत की मेड़ पर स्थित नीम के पेड़ से एक युवक और युवती के शव लटके हुए बरामद किए गए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने के तुरंत बाद आपातकालीन सेवा 112 जनरक्षक वैन और वागडोद पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।

राहगीर की सूचना पर पहुंची पुलिस, दुपट्टे के सहारे लटके थे शव

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान भरतजी ईश्वरजी ठाकोर (18 वर्ष), निवासी खोडाणा गांव और काजलबेन नवघणजी अनारजी (20 वर्ष), निवासी हेमाणीपुरा गांव के रूप में हुई है। दोनों के शव जंगराल गांव की सीमा में स्थित राजूभाई मलाभाई रबारी के खेत की मेड़ पर खड़े नीम के पेड़ से एक ही दुपट्टे के सहारे लटके मिले। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, घटना का संभावित समय 15 नवंबर 2026 को सुबह 9 बजे से पहले का दर्ज किया गया है। दोपहर बाद किसी राहगीर ने शवों को पेड़ से लटके देख तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद शाम करीब 5:30 बजे पुलिस रिकॉर्ड में आधिकारिक प्रविष्टि की गई।

अलग-अलग गांवों के रहने वाले थे दोनों

वागडोद पुलिस स्टेशन के पुलिस इंस्पेक्टर ए.वी. देसाई ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों मृतक अलग-अलग गांवों से ताल्लुक रखते थे। भरतजी ठाकोर पाटन जिले की सरस्वती तहसील के खोडाणा गांव का मूल निवासी था। काजलबेन मूल रूप से हेमाणीपुरा गांव की रहने वाली थी और हाल ही में जंगराल गांव की सीमा में रह रही थी। पुलिस इंस्पेक्टर के मुताबिक, प्रारंभिक जांच और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर दोनों की मौत गले में फांसी के कारण हुई है।

BNSS की धारा 194 के तहत मामला दर्ज

घटना के संदर्भ में वागडोद पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है। अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं। दोनों ने यह खौफनाक कदम किन परिस्थितियों में और क्यों उठाया, पुलिस इसका पता लगाने के लिए परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article