Best Places to Visit Near Prayagraj: त्रिवेणी संगम की नगरी प्रयागराज को सनातन धर्म का केंद्र माना जाता है। यहां पर कई ऐसे पौराणिक और आध्यात्मिक स्थल मौजूद हैं जो इस नगरी की प्राचीनता और पौराणिकता महत्व को बताते हैं। यहां के अनेकों मंदिर रामायण काल और महाभारत काल से जुड़े हैं और इनका वर्णन धर्म ग्रंथों में मिलता है। भगवान शिव को समर्पित ऐसा ही एक पौराणिक मंदिर ‘मनकामेश्वर मंदिर’ गंगा,यमुना और सरस्वती के संगम तट पर मौजूद है। इस मंदिर में पूरे साल भक्तों की भीड़ लगी रहती है। मान्यता है कि यहां पर आने वाले भक्तों की भगवान शिव हर मनोकामनाएं पूरी करते हैं। इसलिए यहां पर आसपास के जिलों के अलावा दूसरे राज्यों के भक्त भी पहुंचते हैं।
इस मंदिर में भगवान मनकामेश्वर के अलावा सिद्धेश्वर और ऋणमुक्तेश्वर भी शिवलिंग के रूप में विराजमान हैं। इसके अलावा यहां पर हनुमान जी भी दक्षिणमुखी रूप में विराजमान हैं। यहां भैरव, यक्ष और किन्नर भी विराजमान हैं। धार्मिक मान्यता है कि जहां पर भगवान शिव विराजमान होते हैं, वहां पर माता पार्वती का भी वास होता है। ऐसे में यहां आने वाले भक्तों को सभी के दर्शन और आर्शिवाद मिलता है। यहां पर सावन माह के अलावा सोमवार, प्रदोष और शिवरात्रि जैसी खास तिथियों पर हजारों-लाखों भक्तों की भीड़ उमड़ती है।
