शहर

बांकीपुर से ऐतिहासिक जीत के बाद आज विधायक पद की शपथ लेंगे प्रशांत किशोर

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में बीजेपी प्रत्याशी को हराने के बाद जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सोमवार सुबह 10:30 बजे बिहार विधानसभा सदस्य (MLA) के रूप में शपथ लेंगे।

Image

आज पीके लेंगे विधानसभा सदस्य के रूप में शपथ (फाइल)

Photo : PTI

Bihar News: जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर सोमवार को बिहार विधानसभा के सदस्य के रूप में औपचारिक रूप से शपथ लेंगे। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में मिली बड़ी और निर्णायक जीत के बाद बिहार की राजनीति में यह एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। शपथ ग्रहण समारोह सुबह 10:30 बजे बिहार विधानसभा के मुख्य भवन स्थित विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार के कक्ष में आयोजित किया गया है। बिहार विधानसभा के उप सचिव द्वारा जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, प्रशांत किशोर को निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित होकर शपथ लेने का अनुरोध किया गया है।

जन सुराज पार्टी के पहले विधायक बने प्रशांत किशोर

चुनावी रणनीतिकार से राजनेता बने प्रशांत किशोर के लिए यह जीत कई मायनों में खास है। चुनावी राजनीति में कदम रखने के बाद यह प्रशांत किशोर की पहली व्यक्तिगत चुनावी जीत है। इसके साथ ही वे जन सुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर बिहार विधानसभा पहुंचने वाले पहले विधायक बन गए हैं।

बांकीपुर उपचुनाव नतीजे: एक नजर में

भारतीय जनता पार्टी के तीन दशक पुराने इस गढ़ में प्रशांत किशोर ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंततः 19,324 वोटों के बड़े अंतर से जीत दर्ज की। जिसमें जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले। बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा दूसरे स्थान पर रहे, जिनको 44,827 वोट मिले और तीसरे स्थान पर राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता रहीं जिन्हें 14,273 वोट मिले।

गौरतलब है कि बांकीपुर सीट 1995 से बीजेपी के पास थी। बीजेपी के इस पारंपरिक किले में सेंध लगाकर प्रशांत किशोर ने बिहार की सियासत में एक नया समीकरण खड़ा कर दिया है। शपथ ग्रहण के साथ ही प्रशांत किशोर की बतौर विधायक नई पारी की शुरुआत होगी, जिससे बिहार की राजनीति और आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर खास असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article