शहर

Ganga Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन, बोले- नए अवसरों का गेटवे है ये एक्सप्रेसवे

Ganga Expressway: PM नरेंद्र मोदी ने आज गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन कर दिया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ को पूर्वी यूपी में प्रयागराज से जोड़ने वाले इस एक्सप्रेसवे पर आज से ही आप फर्राटा मार सकते हैं।

Image

पीएम मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

Ganga Expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने आज यानी बुधवार 29 अप्रैल को उत्तर प्रदेश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ गए। यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास के रास्ते में एक अहम पड़ाव साबित होगा। गंगा एक्सप्रेसवे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ को पूर्वी यूपी में प्रयागराज से जोड़ने के लिए बनाया गया है। इस एक्सप्रेसवे का आज उद्घाटन हो गया है और आज रात से ही इस पर आप फर्राटा मार सकते हैं। अभी मेरठ से प्रयागराज जाने में 12 घंटे तक का समय लग जाता है। जबकि गंगा एक्सप्रेसवे से सफर करने पर यह दूरी मात्र 6 घंटे में तय हो जाएगी।

नए अवसरों का गेटवे है गंगा एक्सप्रेसवे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उद्घाटन के अवसर पर एक रैली को भी संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव और आज वहां हो रहे दूसरे दौर के मतदान पर भी बात कही। लेकिन गंगा एक्सप्रेसवे को उन्होंने नए अवसरों का गेटवे बताया।

हरिद्वार तक बढ़ाया जाएगा गंगा एक्सप्रेसवे

इस अवसर पर पीएम मोदी ने कहा कि इसे मेरठ से आगे हरिद्वार तक बढ़ाया जाएगा। फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे भी बनाया जाएगा, जिससे कनेक्टिविटी और बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार में परियोजनाएं समय पर पूरी होती हैं। हाल ही में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन इसका उदाहरण है। पीएम मोदी ने कहा कि अब सड़क परियोजनाएं वर्षों तक लंबित नहीं रहतीं, बल्कि तय समय में पूरी होकर देश के विकास को नई गति देती हैं।

हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी जनसभा को संभोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, 'दिसंबर 2021 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही इस एक्सप्रेसवे का शिलान्यास किया था। उस समय पीएम मोदी ने राज्य को इस प्रोजेक्ट को तेजी से पूरा करने का विजन भी दिया था। आज हम पूरे देश में नए भारत का विजन देख पा रहे हैं। इस विजन के चलते हमारी यात्रा आसान हुई है और साथ ही हमारी अर्थव्यवस्था को भी नईं ऊंचाई मिली है।'

Ganga Expressway

6 घंटे में मेरठ से पहुंचेंगे प्रयागराज (UPEIDA)

गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर के इतिहास में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह मेगा एक्सप्रेसवे कॉरिडोर न सिर्फ यूपी के 12 जिलों की दूरियों को कम करेगा, बल्कि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति देते हुए औद्योगिक निवेश और रोजगार के रास्ते खोलेगा।

इन 12 जिलों को मिली नई कनेक्टिविटी

गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ ही मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज को सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है। इस एक्सप्रेसवे पर गाड़ियां 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से फर्राटा मारेंगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article