शहर

पीलीभीत सुसाइड केस: निलंबित नगर पालिका कर्मचारी ने लगाई फांसी, EO समेत पांच लोगों पर केस दर्ज

पीलीभीत में बीसलपुर नगर पालिका के निलंबित कर्मचारी उपेंद्र शंखधर ने मंगलवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। सुसाइड नोट में उन्होंने ईओ पर नौकरी बहाल कराने के नाम पर रिश्वत लेने और अतिरिक्त पैसे मांगने का आरोप लगाया है। मृतक के भाई की शिकायत पर ईओ समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : iStock

Pilibhit News: पीलीभीत जिले में बीसलपुर नगर पालिका के एक निलंबित कर्मचारी ने मंगलवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उन्होंने सुसाइड नोट में अधिशासी अधिकारी (ईओ) पर नौकरी बहाल कराने के नाम पर रिश्वत लेने और बाद में अतिरिक्त धन की मांग करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर नगर पालिका अध्यक्ष के पति, ईओ और तीन अन्य लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

पिछले साल गबन के आरोप में किया गया निलंबित

पुलिस के अनुसार, उपेंद्र शंखधर (52) ने बीसलपुर स्थित अपने घर के एक कमरे में फंदा लगाकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। उसने बताया कि उपेंद्र शंखधर नगर पालिका में कर संग्राहक के पद पर कार्यरत थे और पिछले साल सितंबर में 30 लाख रुपये के कथित कर गबन के मामले में उन्हें निलंबित कर जेल भेजा गया था। पुलिस के अनुसार इस साल जनवरी में उन्हें जमानत मिली थी। इसके बाद से वह किराने की एक छोटी दुकान चला रहे थे।

नौकरी बहाली के नाम पर रिश्वत लेने का आरोप

पुलिस ने बताया कि कमरे से बरामद पांच पन्नों के सुसाइड नोट में आरोप लगाया गया है कि ईओ शमशेर सिंह ने नौकरी बहाल कराने का आश्वासन देकर उनसे करीब 18-19 लाख रुपये लिए, लेकिन नौकरी बहाल नहीं कराई। बाद में उन्होंने आठ लाख रुपये और मांगे। सुसाइड नोट में यह भी आरोप लगाया गया है कि यह रकम परिवार की जमीन बेचकर और गहने गिरवी रखकर जुटाई गई थी।

शंखधर के भाई अनुराग ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनके भाई के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार भी किया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नगर पालिका अध्यक्ष के पति अमन जायसवाल उर्फ निक्की, अधिशासी अधिकारी शमशेर सिंह और तीन अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। वहीं, शमशेर सिंह ने इन आरोपों को निराधार बताया है। बीसलपुर थाने के प्रभारी संजीव कुमार शुक्ला ने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। सुसाइड नोट में रिश्वत के कथित लेन-देन संबंधी आरोपों की भी जांच की जाएगी।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारी author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article