IRCTC New Website : ट्रेन से यात्रा करने वाले करोड़ों यात्रियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। भारतीय रेलवे आज 15 जुलाई 2026 को IRCTC की नई और अपग्रेडेड वेबसाइट लॉन्च करने जा रही है। इस नई वेबसाइट का मकसद टिकट बुकिंग को पहले से ज्यादा तेज, आसान और सुविधाजनक बनाना है। इसके साथ ही यात्रियों को कई ऐसे नए फीचर्स भी मिलेंगे, जिनसे टिकट बुक करने में लगने वाला समय कम होगा और बार-बार आने वाली परेशानियों से भी छुटकारा मिलेगा।
छात्रों की शिकायत के बाद लिया गया फैसला
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने राजस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस नई वेबसाइट की जानकारी दी। कार्यक्रम में मौजूद कुछ छात्रों ने उन्हें बताया कि IRCTC वेबसाइट पर टिकट बुक करते समय CAPTCHA और धीमी स्पीड की वजह से काफी परेशानी होती है। खासकर Tatkal टिकट बुकिंग के दौरान वेबसाइट का धीमा होना यात्रियों के लिए बड़ी समस्या बन जाता है। इसके बाद रेलवे ने वेबसाइट को पूरी तरह अपग्रेड करने का फैसला किया।
अब पहले से कई गुना ज्यादा होगी बुकिंग क्षमता
नई IRCTC वेबसाइट की सबसे बड़ी खासियत इसकी बढ़ी हुई क्षमता होगी। अभी मौजूदा सिस्टम एक मिनट में करीब 32,000 टिकट बुक कर सकता है। नई वेबसाइट लॉन्च होने के बाद यह क्षमता बढ़कर 1.5 लाख से अधिक टिकट प्रति मिनट हो जाएगी। इसका मतलब है कि एक साथ बड़ी संख्या में लोग टिकट बुक करेंगे, फिर भी वेबसाइट पर लोड कम रहेगा और बुकिंग प्रक्रिया पहले से ज्यादा तेज होगी।
टिकट बुकिंग और जानकारी मिलेगी तेजी से
नई Passenger Reservation System (PRS) को भी पहले से ज्यादा शक्तिशाली बनाया जा रहा है। अभी सिस्टम एक मिनट में करीब 4 लाख पूछताछ (Enquiries) संभाल सकता है, लेकिन अपग्रेड के बाद यह संख्या बढ़कर 40 लाख से ज्यादा प्रति मिनट हो जाएगी। इससे सीट उपलब्धता, ट्रेन की जानकारी और किराया देखने में समय नहीं लगेगा और वेबसाइट तेजी से काम करेगी।
यात्रियों को मिलेंगे कई नए फीचर्स
नई वेबसाइट में कई ऐसे फीचर्स जोड़े जा रहे हैं, जो यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाएंगे। टिकट बुक करते समय यात्री अपनी पसंद की सीट का विकल्प चुन सकेंगे। इसके अलावा एक नया Fare Calendar भी मिलेगा, जिसकी मदद से अलग-अलग तारीखों का किराया एक साथ देखा जा सकेगा। इससे यात्री कम किराए वाले दिन का चुनाव आसानी से कर सकेंगे।
कई भाषाओं में मिलेगी सुविधा
नई IRCTC वेबसाइट को मल्टी-लैंग्वेज सपोर्ट के साथ तैयार किया जा रहा है। यानी देश के अलग-अलग राज्यों के लोग अपनी पसंद की भाषा में वेबसाइट का इस्तेमाल कर सकेंगे। इससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया और भी आसान हो जाएगी।
दिव्यांग, छात्र और मरीजों को होगा फायदा
रेलवे नई वेबसाइट में दिव्यांगजन, छात्रों और मरीजों के लिए मिलने वाली विशेष सुविधाओं को भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराएगा। इससे अलग-अलग सेवाओं के लिए बार-बार अलग प्रक्रिया अपनाने की जरुरत नहीं पड़ेगी और जरूरी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।
तत्काल बुकिंग होगी पहले से ज्यादा आसान
नई वेबसाइट में तत्काल टिकट बुकिंग (Tatkal Ticket Booking) को ध्यान में रखते हुए कई बदलाव किए गए हैं। बार-बार आने वाले अनावश्यक CAPTCHA, पॉप-अप और चमकते हुए ग्राफिक्स को हटाया जाएगा, जिससे टिकट बुकिंग के दौरान समय की बचत होगी। इससे यात्रियों को कम समय में टिकट बुक करने में मदद मिलेगी और वेबसाइट का इस्तेमाल पहले से ज्यादा आसान होगा।
सभी क्लास की सीटें एक साथ दिखेंगी
अभी यात्रियों को Sleeper, AC 3 Tier, AC 2 Tier जैसी अलग-अलग कैटेकगरी में सीट उपलब्धता देखने के लिए बार-बार विकल्प बदलना पड़ता है। नई वेबसाइट में सभी क्लास की सीट उपलब्धता एक ही स्क्रीन पर दिखाई जाएगी। इससे यात्रियों का समय बचेगा और टिकट बुक करना अधिक सुविधाजनक होगा।
यात्रियों को मिलेगा बेहतर अनुभव
रेलवे का मानना है कि नई IRCTC वेबसाइट शुरू होने के बाद टिकट बुकिंग पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज, आसान और भरोसेमंद होगी। खासकर तत्काल टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को इसका सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। वेबसाइट की नई तकनीक और आधुनिक फीचर्स से करोड़ों रेल यात्रियों का ऑनलाइन टिकट बुकिंग अनुभव पहले से कहीं बेहतर होने की उम्मीद है।
