Patna Crime: पटना के परसा थाना क्षेत्र स्थित यादव चक इलाके में दिनदहाड़े एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। एक शख्स ने बीच सड़क पर एक महिला पर ताबड़तोड़ 8 बार चाकू से जानलेवा वार किया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। तस्वीर में साफ दिख रहा है कि आरोपी महिला के बाल पकड़कर उस पर बिना रुके चाकू चलाता रहा और आसपास खड़े लोग सिर्फ तमाशा देखते रहे।
हैरानी की बात यह रही कि जब तक महिला सड़क पर दर्द से तड़पती रही, कोई भी उसे बचाने आगे नहीं आया। हालांकि, जब कुछ लोग हिम्मत जुटाकर आरोपी की तरफ बढ़े, तब वह डरकर मौके से फरार हो गया। इसके तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल महिला को पास के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है और हालत नाजुक बनी हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: VIDEO: दिल्ली CM रेखा गुप्ता के मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को सरेराह जड़ा थप्पड़, केजरीवाल बोले-करो गिरफ्तार
इस पूरे मामले को लेकर क्या बोली पुलिस?
पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी की पहचान 37 साल के राजकुमार के रूप में हुई है। मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से नवादा-जहानाबाद की रहने वाली यह महिला पहले यादव चक में किराए के मकान में रहती थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात राजकुमार से हुई और दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं। हालांकि, कुछ समय बाद महिला अपने पति के साथ पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र में रहने चली गई।
देखते ही देखते महिला को चाकू से गोदा
राजकुमार इसी बात से काफी नाराज चल रहा था। उसने साजिश के तहत महिला को फोन किया और कुछ जरूरी सामान खरीदने के बहाने यादव चक वापस बुलाया। जैसे ही महिला वहां पहुंची, दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि राजकुमार ने पास ही स्थित एक मुर्गे की दुकान से धारदार चाकू उठाया और महिला पर टूट पड़ा।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर एफएसएल की मदद से सबूत जुटाए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की गई और आखिरकार पुलिस ने राजकुमार को दबोच लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
