Parvesh Verma Viral Video: दिल्ली की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। राजधानी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) की सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा पर एक युवक को सरेराह थप्पड़ मारने का गंभीर आरोप लगा है। यह पूरी घटना तब घटी जब मंत्री प्रवेश वर्मा इलाके में चल रहे एक सड़क निर्माण काम का मुआयना करने पहुंचे थे। अब इस मामले को लेकर अरविंद केजरीवाल ने गिरफ्तारी की मांग कर दी है। वहीं कांग्रेस भी अब आक्रमक नजर आ रही है। अलका लांबा ने भी दिल्ली सरकार को घेरा है।
निरीक्षण के दौरान वहां आम आदमी पार्टी के स्थानीय विधायक जरनैल सिंह (AAP MLA Jarnail Singh) भी पहुंच गए। सड़क की हालत और काम की घटिया गुणवत्ता को लेकर विधायक जरनैल सिंह ने मंत्री से तीखे सवाल पूछना शुरू कर दिए। देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस छिड़ गई। बहस इतनी बढ़ गई कि माहौल तनावपूर्ण हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: समस्तीपुर में बेखौफ मनचले! लड़कियों से बदसलूकी का एक और VIDEO वायरल, सड़क पर युवती से थप्पड़बाजी
वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवक को मारा थप्पड़
इसी आपाधापी के बीच, वहां खड़ा एक युवक अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो बनाने लगा। आरोप है कि अपने खिलाफ उठते सवालों और वीडियो बनते देख मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma Slap viral video) खुद पर काबू नहीं रख सके। उन्होंने गुस्से में आकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे युवक को थप्पड़ जड़ दिया। सड़क पर हुई इस घटना से मौके पर हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
थप्पड़ कांड के बाद आम आदमी पार्टी आक्रामक
घटना के बाद आप विधायक जरनैल सिंह ने भाजपा सरकार और मंत्री पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिल्ली के पीडब्ल्यूडी मंत्री सड़क देखने आए थे, लेकिन जब काम में चल रहे घोटाले उजागर होने लगे तो वे अपना आपा खो बैठे। विधायक ने मंत्री पर खुलेआम गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सच छिपाने के लिए उनके साथी पर हाथ उठाया गया है।
इस थप्पड़ कांड के बाद आम आदमी पार्टी ने आक्रामक रुख अपना लिया है। विधायक जरनैल सिंह इस पूरे मामले को लेकर मंत्री प्रवेश वर्मा (Parvesh Verma Thappad Video) के खिलाफ विकासपुरी थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने पहुंचे हैं। सरेराह हुई इस मारपीट की घटना ने दिल्ली के प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में खलबली मचा दी है।
