Bihar News: बिहार के धनबाद से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक युवक चलती ट्रेन से गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा रील बनाने की चक्कर में हुआ। इस घटना से ट्रेन में सवार अन्य यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। एक यात्री ने तुरंत इस हादसे की सूचना हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करके दी। मामले की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन गंभीर चोटों के कारण विवेक की मौत हो गई।
रील का चस्का जान पर पड़ा भारी
सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए लोग रील बना रहे हैं। रील बनाने का ये चस्का लोगों की जान पर भी भारी पड़ रहा है। जान की परवाह किए बिना खतरनाक स्थिति में रील बनाने और जान गंवाने वाले लोगों की खबरे आए दिन सामने आ रही है। ऐसा ही एक मामला टनकुप्पा स्टेशन के पास से सामने आया है। रविवार देर शाम विवेक कुमार उर्फ लड्डू सासाराम-धनबाद इंटरसिटी ट्रेन में सफर कर रहा था। युवक चलती ट्रेन के गेट पर खड़े होकर मोबाइल से रील बना रहा था, तभी उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रेन से नीचे गिर गया।
रील बनाने की चलते गई जान
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में विवेक कुमार के दोनों पैर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। विवेक की मौत की खबर सुनकर पूरे परिवार में मातम का माहौल है। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। अधिकारी ने बताया कि वह कुछ दिनों के लिए घूमने निकला था और अपने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करता रहता था। यह घटना सोशल मीडिया के प्रति बढ़ती लत और लापरवाह व्यवहार की गंभीरता को उजागर करती है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचें और अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।
