पटना के फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के नौसा इलाके में 16 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दरिंदगी और संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत का मामला सामने आया है। बच्ची का शव नग्न अवस्था में एक अपार्टमेंट से बरामद किया गया। डीएसपी फुलवारी शरीफ सुशील कुमार ने बताया कि शव को संदिग्ध अवस्था में पाया गया और ग्रामीणों के अनुसार यह हत्या का मामला हो सकता है।
दो को पुलिस ने लिया हिरासत में
घटना के समय अपार्टमेंट में चार लोग शराब के नशे में मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने इनमें से एक महिला और एक पुरुष को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना के बाद आगजनी
घटना की खबर के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर फुलवारी शरीफ-एम्स रोड पर आगजनी कर यातायात बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस की जांच जारी
मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। डीएसपी सुशील कुमार ने कहा कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा किया जाएगा। घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है।
