शहर

Madhya Pradesh: शिवपुरी के ऐतिहासिक नरवर किले से 400 साल पुरानी विशाल तोप चोरी, क्रेन-ट्रक से ले गए बदमाश

शिवपुरी जिले की नरवर तहसील के प्राचीन नरवर के किले में कचहरी में रखी 14 तोप में से एक तोप को अज्ञात बदमाशों ने चुरा लिया है चोरी की इस वारदात से पुलिस और पुरातत्व महकमे में सनसनी फैल गई है।

Image

नरवर किले से तोप चोरी

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले की नरवर तहसील स्थित ऐतिहासिक नरवर किले से लगभग 400 वर्ष पुरानी एक तोप चोरी हो गई है। कचहरी में रखी 14 तोप में से एक तोप को अज्ञात बदमाशों ने चुरा लिया है। नरवर के किले में रखी यह तोप 400 साल पुरानी बताई जा रही हैं। इनका निर्माण अष्टधातु से किया गया था। बदमाश बुधवार गुरुवार की देर रात किले के पिछले हिस्से से घुसे और गार्ड को भगाकर वहां से तोप को लोडिंग वाहन में रख कर ले गए।

एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात की है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अज्ञात बदमाश वाहन से किले के पिछले हिस्से तक पहुंचे और वहां रखी ऐतिहासिक तोप लेकर फरार हो गए।

करैरा के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी प्रशांत शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।उन्होंने कहा कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा इसमें किसी अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई

एसडीओपी ने कहा कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।राज्य पुरातत्व विभाग के उपनिदेशक तरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मामला अत्यंत गंभीर है। उन्होंने बताया कि वह स्वयं नरवर किले पहुंचकर निरीक्षण करेंगे तथा पुलिस के साथ समन्वय कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे, ताकि ऐतिहासिक धरोहर की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

कुछ दिन पहले किले की एक तोप अपने निर्धारित स्थान से नीचे गिरी हुई मिली थी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले किले की एक तोप अपने निर्धारित स्थान से नीचे गिरी हुई मिली थी, लेकिन उसे दोबारा सुरक्षित स्थान पर नहीं रखा गया था।अब उसी स्थान से वह तोप चोरी हो गई है।अधिकारियों के अनुसार किले में पहले 14 ऐतिहासिक तोपें थीं, जिनमें से अब 13 बची हैं।पुलिस आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज, संभावित मार्गों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चोरी गई तोप को ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Makarand Kale
मकरंद कालेauthor

सुखदुःखे समे कृत्वा लाभालाभौ जयाजयौ।\nततो युद्धाय युज्यस्व नैवं पापमवाप्स्यसि\n\nसाल 2008 में by chance journalist बना। 2013 से by choice journalist हूं। कहते हैं ना कि अच्छे काम में पहले बहुत परेशानियां आती हैं। और बाद में उसी की आदत पड़ जाती है।

और पढ़ें
End of Article