पटना

सुपौल में सड़क हादसा; पटना से अररिया जा रही स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर में 20 घायल, 7 की हालत गंभीर

शनिवार सुबह पटना से अररिया के सिकटी जा रही एक स्लीपर बस सुपौल जिले के निर्मली क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। यह दुर्घटना मधुबनी जिले की सीमा के पास हुई। हादसे में बस सवार लगभग 20 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

Image

स्लीपर बस की ट्रक से टक्कर

Photo : Times Now Digital

बिहार के सुपौल जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जब पटना से अररिया के सिकटी जा रही एक स्लीपर बस मधुबनी जिले के भुतहा-झिटकी के पास एनएच-27 पर खड़े एक ट्रक से जा टकराई। यह दुर्घटना निर्मली के निकट सुबह लगभग 6 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस चालक और खलासी समेत 20 यात्री घायल हो गए, जिनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और निर्मली अनुमंडलीय अस्पताल की मेडिकल टीम ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉ. प्रदीप कुमार और उनकी टीम ने घायलों का प्राथमिक इलाज किया, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर उपचार के लिए सुपौल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों के अनुसार, यह हादसा बस मालिक और चालक की लापरवाही का नतीजा है। निर्धारित समय शाम 5 बजे होने के बावजूद बस को रात करीब 11 बजे रवाना किया गया था। माना जा रहा है कि रातभर की यात्रा के दौरान ड्राइवर को नींद की झपकी आ गई, जिससे बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। घायलों में बच्चे और बुजुर्ग महिलाएं भी शामिल हैं। अधिकतर यात्री अररिया जिले के रहने वाले हैं, जबकि कुछ यात्री पटना, छपरा और सुपौल से भी थे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article