पटना

भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, हालात गंभीर; प्रशासन सतर्क

बिहार के भागलपुर में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई है। सुल्तानगंज से कहलगांव तक गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे दियारा क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने एहतियातन राहत टीमें तैनात कर अलर्ट जारी कर दिया है।

Image

भागलपुर गंगा नदी (फोटो: ANI)

Photo : ANI

Bihar Flood Alert: बिहार के भागलपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हालात चिंताजनक हो गए हैं। जल संसाधन विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बीते 24 घंटों में गंगा का जलस्तर 1.10 मीटर की बढ़ोतरी के साथ खतरे के निशान को पार कर गया है। सुल्तानगंज से कहलगांव तक नदी का बहाव लाल निशान से ऊपर है, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, जलस्तर में वृद्धि का यह सिलसिला रविवार को भी जारी रह सकता है। इस्माईलपुर बिंदटोली में स्थित बांध पर दबाव बढ़ गया है और वहां एक स्पर क्षतिग्रस्त हो चुका है। वहीं, सबौर के चांयचक इलाके में कटाव की समस्या गंभीर होती जा रही है।

अधिकारियों का कहना है कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और बिहार में हो रही भारी बारिश के चलते गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नदी किनारे के सभी क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और दियारा इलाके से लोग सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं।

शनिवार को भागलपुर में गंगा का जलस्तर 33.78 मीटर दर्ज किया गया, जो कि खतरे के निशान 33.68 मीटर से ऊपर है। कहलगांव में यह स्तर 31.26 मीटर और सुल्तानगंज में 34.47 मीटर रहा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने गंगा घाटों पर गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीमें तैनात कर दी हैं। साथ ही श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे केवल बैरिकेडिंग वाले सुरक्षित क्षेत्र में ही स्नान करें।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article