Munger Property Dispute: बिहार के मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने रिश्तों की संवेदनशीलता को झकझोर कर रख दिया। 84 वर्षीय सुदामा देवी का शनिवार रात साढ़े नौ बजे निधन हो गया। उनके आठ पुत्रों में से दो की पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। बाकी बचे पुत्रों में छोटे बेटे लाल मोहन यादव ने संपत्ति के बंटवारे को लेकर श्मशान घाट पर ही विवाद खड़ा कर दिया।
विवाद इतना बढ़ गया कि कोई भी पुत्र अपनी मां को मुखाग्नि देने को तैयार नहीं हुआ। नतीजतन, शव करीब छह घंटे तक श्मशान घाट पर बिना अंतिम संस्कार के पड़ा रहा। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण होने लगी। सूचना मिलने पर बरियारपुर थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार मौके पर पहुंचे और समझाइश के बाद लाल मोहन यादव को पुत्र धर्म का बोध कराया।
इसके बाद, रविवार रात आठ बजे सुदामा देवी के मंझले बेटे ने अंत में उन्हें मुखाग्नि दी। जानकारी के मुताबिक विवाद अब भी जारी है और परिवार के सदस्य आपसी समझ से समाधान की कोशिश में जुटे हैं। इस घटना ने समाज में यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या संपत्ति रिश्तों से ज्यादा अहम हो गई है। पुलिस को अभी तक किसी पक्ष से औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
