शहर

महंगाई का एक और झटका, मुंबई में टैक्सी-ऑटोरिक्शा किराए में हुई बढ़ोतरी, अब कितने चुकाने होंगे?

टैक्सी-ऑटोरिक्शान किराए में वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने भी मुंबई में CNG के दाम ₹2 प्रति किलोग्राम बढ़ाकर ₹88 प्रति किग्रा कर दिए हैं।

Image

मुंबई में बढ़ा टैक्सी-ऑटो किराया

Photo : ANI

Taxi-Autorikshaw Fares Hike: मुंबई महानगर क्षेत्र (MMR) में सफर करने वाले यात्रियों की जेब पर मंगलवार से बोझ बढ़ गया है। मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण (MMRTA) ने ऑटोरिक्शा और काली-पीली टैक्सी के किराए में क्रमशः ₹1 और ₹2 की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। किराए में यह बदलाव 18 महीने के अंतराल के बाद हुआ है। इससे पहले 1 फरवरी 2025 को ऑटो और टैक्सी के न्यूनतम किराए में 3-3 रुपये की वृद्धि की गई थी।

ऑटोरिक्शा: न्यूनतम और प्रति किलोमीटर की नई दरें

  • न्यूनतम किराया (पहले 1.5 किमी): ₹26 से बढ़कर ₹27 हो गया है।
  • प्रति किलोमीटर दर: ₹17.14 से बढ़कर ₹18.22 प्रति किग्रा/किमी हो गई है।

काली-पीली टैक्सी

  • न्यूनतम किराया (पहले 1.5 किमी): ₹31 से बढ़कर ₹33 हो गया है।
  • प्रति किलोमीटर दर: ₹20.66 से बढ़कर ₹21.90 हो गई है।

किराया बढ़ाने के मुख्य कारण

यह फैसला खटुआ समिति द्वारा निर्धारित फॉर्मूले के आधार पर लिया गया है, जो ईंधन की कीमतों और वाहनों के परिचालन खर्च को ध्यान में रखता है। यह वृद्धि ऐसे समय में हुई है जब महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने भी मुंबई में CNG के दाम ₹2 प्रति किलोग्राम बढ़ाकर ₹88 प्रति किग्रा कर दिए हैं।

लाखों यात्री प्रभावित

MMR क्षेत्र में चलने वाली लगभग 4.5 लाख से अधिक ऑटोरिक्शा और 50,000 से अधिक काली-पीली टैक्सियां मुख्यतः CNG से चलती हैं।

चालकों को अपने इलेक्ट्रॉनिक मीटरों को री-कैलिब्रेट कराने के लिए नवंबर 2026 के अंत तक (3 महीने) का समय दिया गया है।

तब तक चालक RTO द्वारा स्वीकृत किराया तालिका दिखाकर या नए मीटर के आधार पर नया किराया वसूल सकते हैं। तय समय में मीटर सही न कराने पर चालकों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

महानगर गैस लिमिटेड ने बढ़ाए गैस के दाम

इससे पहले महानगर गैस लिमिटेड (MGL) ने सोमवार को मुंबई और आसपास के इलाकों में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दामों में 2 रुपये प्रति किलोग्राम और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की दरों में 1 रुपये प्रति SCM (स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर) की बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरें 1 सितंबर की मध्य रात्रि से प्रभावी होंगी। इस संशोधन के बाद मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में CNG की नई कीमत 88 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article