पटना : बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस इस बार काफ़ी गंभीर है। पार्टी को फिर से खड़ा करने के लिए पार्टी के बड़े नेताओं ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है। पटना में आज़ादी के बाद पहली बार सीडब्लूसी की बैठक का आयोजन किया गया। राहुल गांधी दो सप्ताह तक बिहार के अलग अलग शहरों में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान घूमे, वहीं अब प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी मोर्चा संभाल लिया है, प्रियंका गांधी वाड्रा 26 सितंबर को पटना पहुंचेंगी।
प्रियंका कहां करेंगी जनसभा को संबोधित
अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की राष्ट्रीय महासचिव और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा 26 सितंबर को पटना में बिहार प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में महिला संवाद कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे हिस्सा लेंगी और इसके बाद वो पटना से मोतिहारी जाएंगी, जहां मोतिहारी के गांधी मैदान में मोतिहारी में दोपहर 3 बजे से विशाल जनसभा को संबोधित करेंगी। दोनों जगह पटना और मोतिहारी में कांग्रेस के तरफ़ से बड़ी तैयारी की गई है। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रियंका गांधी वाड्रा का ये बिहार में पहली जनसभा है ऐसे में कांग्रेस इस कार्यक्रम में बड़ी भीड़ इकट्ठा करने को तैयारी में है। कांग्रेस की नज़र ख़ास तौर पर नीतीश कुमार के वोट बैंक यानी आधी आबादी पर है। इसलिए प्रियंका गांधी वाड्रा को कांग्रेस ने मैदान में उतार दिया है।
26 सितंबर को पटना एयरपोर्ट पहुंचेंगी प्रियंका
कांग्रेस के तरफ़ से ये जानकारी देते हुए कहा गया कि कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव सांसद प्रियंका गांधी 26 सितंबर को पटना एयरपोर्ट से सीधे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित महिला संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी और इसमें वें महिलाओं से सीधा संवाद करेंगी इसके लिए बड़ी संख्या में महिलाओं को इस कारक्रम में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है, इस दौरान प्रियंका गांधी महिलाओं के लिए महागठबंधन की सरकार बनने पर क्या कुछ काम किया जाएगा क्या क्या योजनाएं बनाई जाएगी साथ हीं महिलाओं की क्या कुछ समस्या है इसपर चर्चा करेंगी।
