CJP Proest : जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 10 अक्टूबर के प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस की इजाजत नहीं है। दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि किसी को भी प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं है। इलाके में धारा 163 लागू है। पुलिस का कहना है कि सीजेपी ने उसे प्रदर्शन की सूचना देरी से दी। दिल्ली पुलिस ने लोगों से कानून एवं व्यवस्था का पालन करने का अनुरोध किया है। पुलिस का कहना है कि 7 अक्टूबर को सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास की तरफ से एक पत्र मिला था। इस पत्र में उन्होंने 10 तारीख को जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की बात कही थी।
पिछले प्रदर्शन में भी नियमों का पालन नहीं किया-पुलिस
पुलिस ने कहा कि यह लेटर करीब 10 दिन पहले देना चाहिए था। पहले भी प्रदर्शन के दौरान नियमों का पालन नहीं किया गया था। इसलिए उन्हें 10 अक्टूबर के प्रदर्शन की इजाजत नहीं दी गई। नई दिल्ली में धारा 163 लागू है। अगर कोई 163 का पालन नहीं करता तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद
दिल्ली में 10 अक्टूबर को होने वाले सीजेपी (CJP) प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की तैयारी है। जंतर-मंतर समेत नई दिल्ली के कई इलाकों में प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) को पत्र लिखकर 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया है। इसके अलावा, जरूरत पड़ने पर मेट्रो ट्रेनों की आवाजाही की फ्रीक्वेंसी कम करने को भी कहा गया है।
दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें रद्द
देश की राजधानी दिल्ली में कल यानी शनिवार 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का बड़ा प्रदर्शन है। इस प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने सुबह 4 से दोपहर 2 बजे के बीच कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसमें नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को शामिल किया गया है। रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए ट्रेनों को रद्द करने का यह फैसला किया है। इससे दिल्ली आने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।
दिल्ली छोड़ चुके हैं AAP नेता
चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच आम आदमी पार्टी (AAP) के शीर्ष नेतृत्व और अग्रिम संगठनों के पदाधिकारियों द्वारा रणनीति में बड़ा बदलाव करने की खबर सामने आई है। सूत्रों के अनुसार, दिल्ली पुलिस द्वारा संभावित हाउस अरेस्ट, नजरबंदी या तड़के हिरासत में लिए जाने की आशंका के चलते आम आदमी पार्टी के प्रमुख विधायक, पार्षद और संगठन पदाधिकारी देर रात दिल्ली की सीमाओं से बाहर चले गए हैं। ये कल प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वापस दिल्ली आएंगे।
घर से निकलने से पहले ऐसे चेक करें ट्रेन का स्टेटस
रेलवे ने यात्रियों को ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने के लिए 139 हेल्पलाइन, रेल मदद सेवा और नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (NTES) का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। 10 अक्टूबर को यात्रा करने वाले यात्रियों को घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन के संचालन की स्थिति जरूर जांचनी चाहिए।
