पटना

आज से सहरसा-मुंबई के बीच रफ्तार भरेगी अमृत भारत, PM दिखाएंगे हरी झंडी

गुरुवार, 24 अप्रैल को सहरसा-मुंबई के बीच अमृत भारत की शुरूआत होने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन का उद्घाटन करेंगे। मिथिलांचल को मुंबई से जोड़ने वाली ट्रेन से बिहार के लोगों को काफी फायदा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यह ट्रेन कम आय वर्ग के लोगों के लिए भी अच्छी सुविधा मुहैया कराएगी।

Image

सहरसा से मुंबई के बीच दौड़ेगी नई अमृत भारत (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Madhubani: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार, 24 अप्रैल को मिथिलांचल का दौरा करेंगे। इस दौरे में कई योजनाओं की शुरूआत होने वाली है। 40 साल बाद मधुबनी का एयरपोर्ट के एक नए टर्मिनल को अब आम लोगों के लिए खोला जाएगा। इसी के साथ एक और बड़ी सौगात जो बिहार को मिलने वाली है, वो है अमृत भारत ट्रेन की। सहरसा और लोकमान्य तिलक टर्मिनल के बीच चलने वाली इस ट्रेन को भी प्रधानमंत्री आज हरी झंडी दिखाएंगे।

आज होगा उद्घाटन

प्रधानमंत्री वीडियो क्रॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ट्रेन की शुरूआत करेंगे। अमृत भारत ट्रेन मिथिलांचल क्षेत्र को मुंबई से जोड़ेगी। त्योहारों के समय ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखें तो ये उम्मीद लगाई जा रही है कि ये ट्रेन काफी मददगार साबित हो सकती है। रोजगार और व्यापार के लिए उत्तरी बिहार की एक बड़ी जनसंख्या मुंबई पर निर्भर है, जिस कारण इन दोनों जगहों के बीच चलने वाली ट्रेनों के बीच हमेशा भीड़ की स्थिति रहती है।

किफायत में मिलेगी सुविधा

फिलहाल उत्तरी बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोगों के लिए दरभंगा से आनंद विहार के लिए अमृत भारत ट्रेन चलाई जा रही है। ये ट्रेन अयोध्या होते हुए चलती है और कम आय वर्ग के लोगों के लिए भी अच्छी सुविधा मुहैया कराती है। इस ट्रेन से यात्री मात्र 450 रुपये में एक हजार किलोमीटर की यात्रा कर सकते हैं। सरकार की मेक इन इंडिया प्रोग्राम के तहत इसको विकसित किया है।

क्या है अमृत भारत ट्रेन की खासियत

अमृत भारत किसी प्रीमियम ट्रेन जैसा अनुभव देती है। रेलवे की यह कोशिश है कि आम आदमी भी आराम के साथ यात्रा कर सकें। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस ट्रेन में असिस्टेड ब्रेक सिस्टम की सुविधा दी गयी है, जिससे तेजी से ब्रेक लग सकता है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हर कोच में टॉक बैक यूनिट और गार्ड रूम में रिस्पॉन्स यूनिट की व्यवस्था है। पहली बार नॉन एसी कोचों में फायर डिटेक्शन सिस्टम की सुविधा दी गई है। आरामदायक यात्रा के लिए भारतीय रेल ने पहली बार ट्रेन में सेमी ऑटोमेटिक कपलर का उपयोग किया है, इससे ट्रेन के जुड़ते या अलग होते वक्त झटका नहीं लगता और आवाज नहीं आती है। यह ट्रेन एक LHB पुश पुल ट्रेन है, यानी इसके दोनों सिरों पर इंजन लगे होते हैं जिससे ऊर्जा की खपत कम होती है और ट्रेन तेजी से गति पकड़ सकती है और ब्रेक लगा सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें