Patna News: कोरोना काल के कारण हुए एक गैप के बाद इस साल पटना के लोगों को गांधी मैदान में रावण दहन का कार्यक्रम देखने को मिलेगा। इसके लिए तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। पटना में आयोजित होने वाले रावण वध के कार्यक्रम के मद्देनजर पटना आयुक्त कुमार रवि गांधी मैदान पहुंचे और गांधी मैदान का औचक निरीक्षण किया। उनके साथ पटना जिलाधिकारी डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह ढिल्लो, नगर आयुक्त अनिमेष कुमार पराशर और अन्य जिले के पदाधिकारी भी थे।
बता दें कि इस दौरान सभी ने रावण वध कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। आयुक्त कुमार रवि ने बताया है कि, रावण वध कार्यक्रम देखने के लिए काफी बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं। इनमें बुजुर्ग, युवा, महिला एवं बच्चे भी सम्मिलित होते हैं। उन्होंने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था करने के लिए सभी पदाधिकारियों को सजग, सतर्क एवं सक्रिय रहने का आदेश दिया है। दशहरा के दिन गांधी मैदान में होने वाले रावण पुतला दहन कार्यक्रम में लाइटिंग की व्यवस्था, यातायात, बैरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन की व्यवस्था सहित सभी पहलुओं पर एक-एक कर तैयारियों का जायजा लिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार आयुक्त कुमार रवि ने नगर आयुक्त को लाइटिंग की अच्छी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दे दिया है। उन्होंने बताया है कि, गांधी मैदान के चारों ओर 34 प्रकाश मीनारों में 136 प्रकाश स्तम्भों से प्रकाश की अच्छी व्यवस्था की जाएगी। गांधी मैदान के अंदर भी नगर निगम एवं विद्युत विभाग द्वारा प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी। आयुक्त कुमार रवि ने भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता को सभी गेट का ग्रिसिंग कर रख रखाव ठीक करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा है कि, भीड़ का निकास पूरी तरह से अवरोधमुक्त और सरल किया जाना चाहिए।
सीसीटीवी कैमरों से लैस होगा मैदान
जानकारी के लिए बता दें कि रावण वध के दौरान गांधी मैदान के सभी गेट खुले रहेंगे। इसके साथ ही साथ गांधी मैदान को समतल करने का आदेश दिया गया है ताकि किसी को भी चलने में कोई परेशानी ना हो। सुरक्षा के दृष्टिकोण से गांधी मैदान में सीसीटीवी कैमरे लगाने होंगे। जिससे गांधी मैदान की निगरानी होगी। गांधी मैदान में अस्थाई एक कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा।
