Delhi Train Cancelled: देश की राजधानी दिल्ली में कल यानी शनिवार 10 अक्टूबर को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का बड़ा प्रदर्शन है। इस प्रदर्शन को देखते हुए भारतीय रेलवे ने सुबह 4 से दोपहर 2 बजे के बीच कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इसमें नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को शामिल किया गया है।
रेलवे ने नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास भारी ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए ट्रेनों को रद्द करने का यह फैसला किया है। इससे दिल्ली आने वाले यात्रियों की यात्रा प्रभावित हो सकती है। ऐसे में घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें।
आज अपने सोर्स स्टेशन से ही नहीं चलेंगी ट्रेनें
रेलवे के अनुसार आज दोपहर 2 बजे के बाद ही अपने शुरुआती स्टेशन से चलने वाली सभी मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द किया गया है। यह वह ट्रेनें हैं, जिन्हें कल यानी शनिवार 10 अक्टूबर को सुबह 4 से दोपहर 2 बजे के बीच नई दिल्ली या हजरत निजामुद्दीन स्टेशन पहुंचना है। रेलवे के मुताबिक, पहले भी प्रदर्शन और सड़क जाम के चलते नई दिल्ली स्टेशन पर करीब 5000 यात्री समय पर नहीं पहुंच पाए थे और उनकी ट्रेन छूट गई थी। इसी तरह की परेशानी से यात्रियों को बचाने के लिए ट्रेनें रद्द करने का यह फैसला लिया गया है।
नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन आने वाली ट्रेनें प्रभावित
रेलवे के मुताबिक, शनिवार 10 अक्टूबर को नई दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क यातायात बाधित होने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुबह 4 बजे से दोपहर 2 बजे तक के दौरान कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
हालांकि, सभी प्रभावित ट्रेनों की पूरी सूची और रद्दीकरण से जुड़ी विस्तृत जानकारी यात्रियों को रेलवे की आधिकारिक सूचना से जांचनी चाहिए। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे स्टेशन के लिए रवाना होने से पहले अपनी ट्रेन के प्रस्थान और आगमन की स्थिति की पुष्टि कर लें।

ये ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं
हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस भी रद्द
पश्चिम बंगाल में हावड़ा के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि ट्रेन संख्या 12301, हावड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, जिसका जर्नी कमेंसमेंट डेट (JCO) 9 अक्टूबर 2026 है, रद्द कर दी गई है।
रेलवे ने अपने संदेश में बताया कि 10 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के आसपास सड़क यातायात में भारी जाम की आशंका के कारण यह निर्णय लिया गया है।
स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाई गई
CJP के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली के प्रमुख 7 रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा बढ़ाई गई है। प्रदर्शन को देखने हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट मोड पर है। इसके अलावा जंतर-मंतर के नजदीक स्थित छोटे रेलवे स्टेशनों 'शिवाजी ब्रिज' और 'तिलक ब्रिज' पर भी पुलिस की तैनाती बढ़ाई गई है। प्रदर्शन के मद्देनजर सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जाएगी। पुलिस की तरफ से सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है।
यात्रियों को क्या करना चाहिए?
अगर आप शनिवार को दिल्ली पहुंचने या दिल्ली से यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो अपनी ट्रेन की स्थिति पहले ही जांच लें। ट्रेन रद्द होने की स्थिति में वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था के लिए पर्याप्त समय रखें। रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट या पूछताछ सेवा से ताजा जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
