Delhi Traffic Alert: यदि आप नोएडा या मयूर विहार से दिल्ली की ओर जा रहे हैं, तो गूगल मैप्स के नेविगेशन पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। बारापुला फेज-3 एलिवेटेड रोड पर शुक्रवार को एक बार फिर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है। हैरानी की बात यह है कि इस जाम की मुख्य वजह गूगल मैप्स की एक तकनीकी गड़बड़ी बनी है, जो सड़क पर असल में मौजूद भारी जाम को पूरी तरह क्लियर दिखा रही है।
क्यों लगा बारापुला पर अचानक भीषण जाम?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस द्वारा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (X) पर साझा की गई जानकारी के अनुसार गूगल मैप्स DND, NH-24 और सराय काले खां वाले वैकल्पिक रास्तों पर ट्रैफिक और भीड़ तो दिखा रहा है, लेकिन बारापुला फेज-3 वाले खिंचाव को एकदम साफ दिखा रहा है। गूगल मैप्स के इस गलत नेविगेशन के कारण मयूर विहार और नोएडा से आने वाले वाहन चालक लगातार बारापुला एलिवेटेड रोड की ओर मुड़ रहे हैं, जिससे वहां गाड़ियों का भारी दबाव बन गया है और वाहन रेंगने पर मजबूर हैं।
ट्रैफिक पुलिस ने संभाला मोर्चा, रूट किया डायवर्ट
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के जवान मौके पर मौजूद हैं और यातायात को सुचारू बनाने में जुटे हैं। बारापुला पर दबाव कम करने के लिए ट्रैफिक पुलिस वाहनों को NH-24 और DND की तरफ डायवर्ट कर रही है। दिल्ली पुलिस ने गूगल मैप्स से संबंधित एजेंसी को इस तकनीकी समस्या की तुरंत रिपोर्ट दी है और जल्द से जल्द इसमें सुधार करने का अनुरोध किया है ताकि यात्रियों को हो रही असुविधा को खत्म किया जा सके। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, मौके पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का चयन करें। यातायात से जुड़ी किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 या 011-25844444 पर संपर्क किया जा सकता है।
