मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज यानी सोमवार 7 जुलाई को राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को सशक्त बनाने के लिए एक ऐतिहासिक कदम उठाया। मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित 'लोक संवाद' सभागार में आयोजित एक खास समारोह में नीतीश कुमार ने 7468 प्रशिक्षित महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं (ANM) को नियुक्ति पत्र सौंपे।
मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से मोना कुमारी, नीलू कुमारी, अमृता कुमारी, प्रिया सिन्हा और रीमा कुमारी नाम की महिला ANM को नियुक्ति पत्र सौंपे। अन्य ANM को उनके नियुक्ति पत्र भेज दिए जाएंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित ANM को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा भी जताया कि वे पूर्ण समर्पण और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगी। उम्मीद है इन नियुक्तियों से राज्य के ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, खासतौर पर मातृ और शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में।
इससे पहले कार्यक्रम में विकास आयुक्त व स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मुख्यमंत्री को एक पौंधा भेंट करके उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन एवं संसदीय कार्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे आदि उपस्थित रहे।
