Patna Crime News: पटना जंक्शन पर शनिवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। जहां एक महिला का ढाई साल का बेटा संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया। महिला प्लेटफॉर्म संख्या 10 पर टिकट घर के पास बैठी थीं। तभी एक अनजान व्यक्ति उनके पास आया और बच्चे से दुलार करने लगा। महिला का बच्चे से ध्यान हटने पर वह शख्स बच्चे को लेकर गायब हो गया। महिला ने रेल थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया है।
पति से झगड़कर आई पटना
पीड़ित महिला राधा देवी सीतामढ़ी जिले के मालीपुर पखरी गांव की रहने वाली है। वह अपने बेटे सोनू के साथ गांव लौटने के लिए स्टेशन पहुंची थीं। महिला ने बताया कि वह पति से झगड़ा करके पटना आई थी और अपने पति से बात करने के लिए किसी से फोन मांग रही थी। इसी दौरान 40-42 साल का एक लंबे कद का मोटा व्यक्ति उसके पास आया। उसने कुछ देर उसके साथ बातचीत की और उसकी सहमति से बच्चे को गोद में लेकर खेलाता रहा। फिर अचानक वह संदिग्ध व्यक्ति बच्चे के साथ गायब हो गया।
सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को ले जाते दिखा शख्स
बच्चे के लापता होने पर राधा देवी ने उसे प्लेटफॉर्म, रेल परिसर और करबिगहिया की ओर काफी देर तक खोजा। लेकिन वह कहीं नहीं मिला। जिसके बाद उसने पुलिस की मदद ली और शिकायत दर्ज कराई। घटना की जानकारी मिलते ही रेल पुलिस एक्टिव हुई और मामला दर्ज किया गया। रेल एसपी एएस ठाकुर के अनुसार महिला संदिग्ध व्यक्ति से दो-तीन घंटे तक बातचीत करती रही थी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में वह व्यक्ति बच्चे को लेकर स्टेशन से बाहर जाते हुए देखा गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है। पुलिस बच्चे को बरामद करने के लिए प्रयास कर रही है। इसके लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
