Bihar CM Samrat Choudhary Threat: बिहार के नवनियुक्त मुख्यमंत्री को जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी गुजरात के अहमदाबाद जिले (Man Arrested from Ahmedabad) से की गई, जिसे साणंद पुलिस ने बिहार पुलिस के साथ मिलकर अंजाम दिया। जानकारी के मुताबिक यह मामला बिहार के मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र में दर्ज किया गया था। आरोपी ने मोबाइल फोन के जरिए मुख्यमंत्री को धमकी दी थी, जिसके बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच शुरू कर दी।
गिरफ्तार आरोपी का नाम शेखर यादव
मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी मदद और सर्विलांस का सहारा लिया। साणंद पुलिस इंस्पेक्टर बी.टी. गोहिल की अगुवाई में टीम ने बिहार पुलिस के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। इसके बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई और उसे साणंद-कड़ी रोड इलाके से पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 32 वर्षीय शेखर यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बिहार के बांका जिले का रहने वाला है। फिलहाल वह अहमदाबाद के साणंद क्षेत्र में एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से जुड़ी गाड़ी में काम कर रहा था।

(Photo: Times Now Navbharat Digital)
गुजरात पुलिस ने आरोपी को बिहार पुलिस को सौंपा
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर बिहार पुलिस को सौंप दिया है, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि पुलिस की तत्परता और दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से आरोपी को जल्द पकड़ लिया गया। इससे यह साफ होता है कि इस तरह के मामलों में कानून सख्ती से कार्रवाई करता है और किसी भी धमकी को हल्के में नहीं लिया जाता।
