Parab Brass: पटना जिले के बिहटा प्रखंड की परेब पंचायत की पहचान अब पीतलनगरी के रूप में होगी। इस इलाके को मुरादाबाद की तर्ज पर विकसित एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। पीतल कारोबार को बढ़ावा देने के लिए मुरादाबाद की तरह यहां भी सब्सिडी दी जाएगी। परेब में दो हजार कारीगार पीतल की आधुनिक डिजाइन के बर्तन बनाएंगे। इसके लिए देश के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा यहां के कारीगरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इतना ही नहीं परेब में ही एक कच्चा माल बैंक बनेगा। इससे मांग के अनुसार बर्तन को बनाया जा सकेगा। इस जगह अत्याधुनिक मशीनें भी लगाई जाएंगी, जिससे कारीगरों को अलग-अलग डिजाइन के बर्तन बनाने में सहूलियत होगी।
राज्य सरकार ने परेब में पीतल उद्योग के लिए 960 लाख रुपए की कार्ययोजना बनाई है। इससे यहां के 500 परिवारों के कारीगरों को रोजगार मिलने के साथ देश-दुनिया के स्तर पर पीतल के बर्तन बेचने का बाजार भी मिल जाएगा। उद्योग विभाग और जिला प्रशासन द्वारा तैयार सूक्ष्म लघु क्लस्टर योजना पर जल्द काम शुरू होगा।
