शहर

ड्रोन से आ रहे थे AK-47 और ग्रेनेड, अमृतसर पुलिस ने तस्करी मॉड्यूल तोड़ा; बॉर्डर पार बन रहे थे 'नापाक' प्लान

पंजाब पुलिस ने अमृतसर में अवैध हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

Image

अमृतसर देहात पुलिस

अमृतसर देहात पुलिस ने एक नाबालिग सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और विस्फोटक सामग्री की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड और एक एके-47 राइफल सहित तीन आधुनिक राइफलों का जखीरा बरामद किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आकाशबीर सिंह उर्फ काशी निवासी भैणी राजपूतां, अमृतसर, जोबन सिंह निवासी बलग्गण, अमृतसर तथा एक नाबालिग के रूप में हुई है। बरामद हथियारों में एक एके-47 राइफल, एक संशोधित एम4-प्रकार का .30 बोर ऑटोमैटिक हथियार तथा एक विशेष रूप से संशोधित .30 बोर सेमी-ऑटोमैटिक हथियार सहित पांच मैगजीन शामिल हैं।

सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजे जा रहे अत्याधुनिक हथियार

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अमृतसर देहात कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि थाना घरिंडा की पुलिस टीमों को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी आकाशबीर उर्फ काशी और जोबन सिंह अपने नाबालिग साथी के साथ मिलकर सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से भेजे जा रहे अत्याधुनिक हथियार, गोला-बारूद और ग्रेनेड प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने अटारी क्षेत्र के निकट विशेष अभियान चलाकर तीनों आरोपियों को एक हैंड ग्रेनेड और तीन आधुनिक राइफलों सहित गिरफ्तार कर लिया।

इन धाराओं में FIR

एसएसपी ने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है तथा आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में एफआईआर संख्या 303 दिनांक 13.07.2026 थाना घरिंडा, जिला अमृतसर देहात में शस्त्र अधिनियम की धारा 25, 25(1)(ए), 25(6), 25(7) एवं 25(8) तथा विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत दर्ज की गई है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 20... और देखें

End of Article