Jamui Train Fire: जमुई से बड़ी खबर सामने आ आई है, जहां पटना-जसीडीह मेमू (ट्रेन संख्या 13208) में अचानक आग लगने से स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना मंगलवार दोपहर लगभग 2 बजे की है, जब ट्रेन मलयपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 2 पर पहुंची थी। इसी दौरान ट्रेन के दो कोचों के बीच कनेक्शन तार में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं।
अचानक आग लगने से यात्रियों में भगदड़ मच गई। जान बचाने की जद्दोजहद में यात्री तेजी से कोच से उतरकर स्टेशन परिसर में इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही मौके पर रेलवे कर्मियों, पदाधिकारियों और फायर ब्रिगेड की टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
हालांकि हादसे में किसी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है, जिससे एक बड़ी रेल दुर्घटना टल गई। रेलवे कर्मियों द्वारा जले हुए कोच को ट्रेन से अलग करने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और ट्रेन के परिचालन को फिर से सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं। शुरूआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
जानकारी के लिए बता दें कि इससे पहले भी किउल रेलवे स्टेशन पर इसी ट्रेन में आग लगने की एक घटना सामने आ चुकी है। लगातार दो घटनाओं ने इस ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब यात्रियों की सुरक्षा को लेकर रेलवे प्रशासन पर अतिरिक्त सतर्कता और जिम्मेदारी का दबाव बढ़ गया है।
