Patna Accident News: पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। शादी समारोह से लौट रही एक स्कॉर्पियो को तेज रफ्तार हाइवा ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। छह घायलों में से कुछ को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया, जबकि कुछ का इलाज बख्तियारपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब पांच बजे सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर हुआ। बारात सिकंदरा गांव से बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह के बाद स्कॉर्पियो सवार लोग वापस लौट रहे थे। वाहन में महिलाएं और बच्चियां भी मौजूद थीं। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। दोनों गाड़ियों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
चार लोगों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणू कुमारी (20) के रूप में हुई है। धीरज स्कॉर्पियो चला रहा था, जबकि पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी। पूनम सिकंदरा गांव की रहने वाली थी। पूनम की मां ने बताया कि उनकी बेटी बारात में गई थी और लौटते समय हादसे में उसकी मौत हो गई। वहीं, धीरज की मां ने बताया कि वह पेशेवर ड्राइवर नहीं था और पढ़ाई कर रहा था। मां के मुताबिक, धीरज परिवार का इकलौता बेटा था और वह बाढ़ के अकबरपुर गांव का रहने वाला था।
सहायक अवर निरीक्षक अंजनी कुमार ने बताया कि हादसा जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास सबनीमा गांव में फोरलेन पर सुबह करीब पांच बजे हुआ। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में 10 से 12 लोग सवार थे। तीन लोगों की मौके पर मौत हुई, जबकि एक को अनुमंडलीय अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल छह लोगों में से कुछ को पटना रेफर किया गया है और कुछ का इलाज बख्तियारपुर सीएचसी में चल रहा है। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
