Bihar Election Results: बिहार में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं और अब सभी की निगाहें सरकार गठन पर टिकी हुई हैं। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान ने रविवार को बिहार में सरकार गठन को लेकर बड़ा अपडेट दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में 22 नवंबर से पहले सरकार का गठन हो जाएगा।
चिराग पासवान ने क्या कुछ कहा?
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने संवाददाताओं से कहा, "यह जल्द ही हो जाएगा। चर्चा चल रही है। सरकार के ब्लूप्रिंट पर स्पष्टता आ जाएगी। मुझे लगता है कि आज रात तक मैं वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से भी बात करूंगा और आज या कल तक ब्लूप्रिंट तैयार हो जाएगा। हमें 22 नवंबर से पहले सरकार बनानी है। यह हो जाएगा।"
नीतीश के मुरीद हुए चिराग
इससे पहले, समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में चिराग पासवान ने कहा था, ''मुझे व्यक्तिगत तौर पर लगता है कि जदयू प्रमुख नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए।'' उन्होंने कहा था कि मेरी पार्टी के प्रतिनिधियों ने नीतीश कुमार से मुलाकात कर उन्हें जीत की बधाई दी। हां, हम भी सरकार में शामिल होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पहले हम कहते थे कि सरकार को समर्थन तो है, पर हम उसका हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि विधानसभा में हमारा कोई प्रतिनिधित्व नहीं था।
सनद रहे कि बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर, 2025 को समाप्त होने वाला है। बता दें कि सत्तारूढ़ एनडीए को 243 सदस्यीय विधानसभा में 202 सीटें मिली हैं, जो तीन-चौथाई बहुमत है। यह दूसरी बार है जब एनडीए ने विधानसभा चुनावों में 200 का आंकड़ा पार किया है। 2010 के चुनावों में एनडीए ने 206 सीटें हासिल की थीं।
