केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान (फाइल फोटो)
Lalu Family Feud: बिहार चुनाव नतीजों के बाद राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में घमासान मचा हुआ है। उनकी बेटी रोहिणी आचार्य अपने भाई तेजस्वी यादव और राजद नेता संजय यादव और रमीज पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। साथ ही उन्होंने राजनीति छोड़ने और परिवार से नाता तोड़ने का भी ऐलान किया है। इस बीच, केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) प्रमुख चिराग पासवान का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि लालू जी को पारिवारिक कलह परेशान करता होगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पारिवारिक कलह स्वभाविक ही उन्हें (लालू) परेशान करती होगी। यह पारिवारिक कलह सुलझ जाए। मेरे भी भाई-बहन हैं। उन्होंने कहा कि हमारे राजनीतिक मतभेद हैं और हम राजनीतिक लड़ाई लड़ते रहेंगे, लेकिन मैं चाहूंगा कि परिवार एकजुट हो जाए। उन्होंने कहा कि मैं उनकी (रोहिणी आचार्य) की भावना के साथ हूं।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में चिराग पासवान ने कहा, ''मैं कतई इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा, क्योंकि वह मेरा भी परिवार है। राजनीतिक मतभेद एक तरफ है... पर मैंने हमेशा आदरणीय लालू जी को उनके परिवार को अपना परिवार माना है। ऐसे में आज जब उनके परिवार में इतना कुछ चल रहा है, मैं उस दर्द और भावना को समझ सकता हूं। वो समय दूर नहीं जब मैं भी इन्हीं परिस्थितियों से गुजरा था। घर -परिवार में जब तनाव होता है, वो कितना परेशान करता है, मैं उसे समझ सकता हूं।''
यह भी पढ़ें: 'घर से निकाला, बदनाम किया, चप्पल से मारा...', लालू की बेटी रोहिणी का दावा- मेरा कोई परिवार नहीं; संजय-रमीज से पूछिए
चिराग पासवान ने आगे कहा, ''...पारिवारिक कलह स्वभाविक ही उन्हें (लालू) काफी परेशान करती होगी। मैं बस इतनी प्रार्थना करूंगा कि जल्द से जल्द पारिवारिक कलह दूर हो जाए...हमारे राजनीतिक मतभेद हैं और हम राजनीतिक लड़ाई लड़ते रहेंगे... मैं उनका (रोहिणी आचार्य) दुख समझता हूं... मैं नहीं मानता कि शादी के बाद ससुराल ही बेटी का एकमात्र घर होता है... मैं इस रूढ़िवादी सोच का समर्थन नहीं करता कि शादी के बाद बेटियां पराई हो जाती हैं... कल जब उन्होंने यह सब कहा तो मैं उस दर्द को समझ रहा हूं और इसीलिए प्रार्थना करता हूं कि यह सब जल्द ही सुलझ जाए..