Patna Holding Tax Recovery: पटना नगर निगम ने होल्डिंग टैक्स वसूलने को लेकर सख्त रुख अपनाया है। पहले चरण में निगम ने 650 बकाएदारों को नोटिस दिया है। इन्हें 15 फरवरी तक टैक्स जमा करने के लिए कहा गया है। टैक्स जमा नहीं होने पर उनके घर एवं संस्थान की कुर्की-जब्ती की जाएगी। दरअसल, 11039 लोगों पर निगम का 26.68 करोड़ रुपए बकाया है। इस बार भी इन लोगों ने टैक्स नहीं चुकाया तो इनके घर एवं संस्थान के बाहर ढोल-नगाड़े बजाया जाएगा। फिर इनके घर-संस्थान की कुर्की-जब्ती की जाएगी। निगम के सभी अंचलों को यह सूचना दे दी गई है।
पहले निजी एजेंसी स्पैरो सोपटेक प्राइवेट लिमिटेड को होल्डिंग टैक्स वसूलने का काम सौंपा गया था। इस कंपनी से एग्रीमेंट समाप्त होने पर टेंडर निकाला गया था। किसी कंपनी ने टेंडर फाइल नहीं किया। ऐसे में निगम ने टेंडर फाइल करने की अवधि छह बार बढ़ाई पर फायदा नहीं हुआ। आखिरकार निगम ने खुद होल्डिंग टैक्स वसूलने का निर्णय लिया।
सरकारी संस्थानों पर 63 करोड़ रुपए बकाया
सरकारी संस्थानों पर निगम का सबसे अधिक टैक्स बकाया है। इन पर साल-दर-साल होल्डिंग टैक्स बढ़कर 63 करोड़ रुपए हो गया है। शिक्षा विभाग पर 10 करोड़ रुपए से अधिक बकाया है। पिछले सितंबर के बाद से सरकारी होल्डिंग टैक्स में एक रुपए की वसूली नहीं हुई है। जबकि सरकारी भवनों से टैक्स वसूलने के लिए भवन निर्माण विभाग को साल भर पहले ही नोडल एजेंसी बनाया गया था। वैसे इसका कोई फायदा नहीं हुआ।
ऐस करें टैक्स का भुगतान
नगर निगम प्रशासन ने आम लोगों की सुविधा के लिए सभी छह अंचलों में दो-दो काउंटर खोले हैं। इन काउंटर पर लोग आसानी से होल्डिंग टैक्स जमा कर सकेंगे। इतना ही नहीं नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://pmcptax.bihar.gov.in/pmc/public पर जाकर अपना टैक्स जमा कर सकते हैं। कर संग्राहकों के माध्यम से भी अपने टैक्स का भुगतान कर सकते हैं।
हर साल टैक्स वसूली में पिछड़ रहा निगम
नगर निगम हर साल होल्डिंग टैक्स वसूली में पिछड़ रहा है। टैक्स जमा करने की अंतिम तिथि कई बार बढ़ाए जाने के बाद ही लोग टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं। इतना ही नहीं बड़े बकाएदारों पर निगम द्वारा कोई कड़ी कार्रवाई भी नहीं की जाती है। ऐसे में आम लोगों में भी कार्रवाई को लेकर कोई डर नहीं रहता है। विभिन्न संस्थान वाले अच्छी आमदनी होने के बाद भी होल्डिंग टैक्स जमा नहीं कर रहे हैं।
