Patna News: जयनगर से पटना के बीच जल्द ही वंदे मेट्रो चलने वाली है। समस्तीपुर से होकर चलने वाली इस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने वाले हैं। इस कार्यक्रम को लेकर पूरी तैयारी की जा चुकी है और रेलवे ने ट्रेन का टाइमटेबल भी जारी कर दिया है। पटना से जयनगर के बीच सफर का समय अब केवल साढ़े पांच घंटे लगेगा। इस ट्रेन का संभावित टाइम टेबल जारी कर दिया गया है।
सप्ताह में 6 दिन चलेगी ट्रेन
पटना और जयनगर के बीच जल्द ही रैपिड मेट्रो दौड़ने वाली है। पहले ट्रेनों के जरिए सफर करने में यह समय साढ़े छह घंटे से ऊपर होता था। प्रभात खबर की रिपोर्ट के मुताबिक यह सेमी हाईस्पीड ट्रेन 24 अप्रैल से शुरू की जाएगी। जिसके उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री मोदी मधुबनी पहुंचेंगे। जारी किए गए टाइम टेबल के हिसाब से यह ट्रेन 24 अप्रैल को जयनगर से सुबह 11:40 बजे शुरू होगी और मात्र 5 घंटे 30 मिनट बाद पटना पहुंच जाएगी। ये ट्रेन सप्ताह में 6 दिन चलेगी।
क्या होगी टाइमिंग
डिविजनल रेलवे मैनेजर (DRM) विनय श्रीवास्तव के मुताबिक जयनगर से ये ट्रेन सुबह 5:00 बजे खुलेगी और 5:30 बजे मधुबनी, 5:45 पर सकरी, 6:15 बजे दरभंगा और 7:25 पर समस्तीपुर पहुंचेगी। यहां से 8:45 बजे बरौनी और 9:24 बजे मोकामा होते हुए पटना शाम के सुबह 10:30 बजे पहुंचेगी।
पटना से जयनगर के लिए वापसी यात्रा में शाम 6:05 बजे यह ट्रेन खुलेगी और रात 11:45 बजे जयनगर पहुंचेगी। पटना से शाम 6:05 बजे खुलकर, 6:58 बजे मोकामा, 8:00 बजे बरौनी,9:00 बजे समस्तीपुर, 10:08 बजे दरभंगा, 10:38 सकरी, 11:00 बजे मधुबनी और रात 11:45 पर जयनगर पहुंचेगी। कुल यात्रा में लगने वाला समय करीब साढ़े पांच घंटे का होगा।
24 अप्रैल को होगा उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 24 अप्रैल को मधुबनी में एक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री रेलवे से जुड़ी कई परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। प्रभात खबर की रिपोर्ट के मुताबिक बिहार को जिस वंदे मेट्रो ट्रेन की भी सौगात मिलने वाली है, वह नमो भारत रैपिड रेल के रैक वाली पहली इंटरसिटी ट्रेन होगी। फिलहाल यह ट्रेन दिल्ली और मेरठ के बीच चल रही है।
