पटना

चुनाव से पहले बिहार में बदली बिजली की दरें, स्मार्ट मीटर वालों को मिलेगा ज्यादा फायदा

बिहार चुनाव से पहले बिहार में बिजली की नई दरें लागू हो गई हैं। सस्ती बिजली के लिए दिए जाने वाले अनुदान में नीतीश सरकार ने 4 फीसदी का इजाफा किया है। इसका सीधा फायदा बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगा। प्रीपेड स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को 25 पैसे का अतिरिक्त लाभ मिलने वाला है। बिहार में करीब 2.12 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं, जो इस फैसले से प्रभावित होंगे।

Image

कैबिनेट ने लिया अनुदान बढ़ाने का फैसला

Bihar Electricity Rates: बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं और इस बीच सारी पार्टियों में तैयारियों की तेजी दिख रही है। जो सत्ता में नहीं हैं वो लुभावने वादे कर रही हैं या करने की योजना बना रही हैं और सरकार कई योजनाएं ला रही है, ताकि जनता को सीधा फायदा मिल सके। इसी कड़ी में बिहार सरकार ने जनता को बिजली के दरों में राहत दी है। गर्मी के मौसम में, जब बिजली की खपत स्वाभाविक रूप से बढ़ जाती है, ऐसे में बिजली दरों में कटौती राहत देने वाला फैसला है। इसका ज्यादा फायदा ग्रामीण इलाकों और स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को होगा।

अनुदान राशि में हुई 4 फीसदी की बढ़ोतरी

बिहार में करीब 2.12 करोड़ बिजली उपभोक्ता हैं। जिसमें से लगभग 1 करोड़ 25 लाख ग्रामीण उपभोक्ता हैं

जानकारी के मुताबिक, राज्य के बिजली उपभोक्ताओं को सस्ती बिजली देने के लिए राज्य सरकार इस वित्तीय वर्ष 2025-26 में 15 हजार 995 करोड़ अनुदान के तौर पर खर्च करेगी। पिछले वित्तीय वर्ष से तुलना करें तो ये अनुदान 652 करोड़ ज्यादा है। शुक्रवार को नीतीश कैबिनेट की हुई बैठक में इस अनुदान को मंजूरी मिल गई। इस अनुदान राशि की घोषणा होने के साथ गांव इलाके के घरेलू उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिली है। 1 अप्रैल से इन नई दरों को लागू कर दिया गया है। इससे स्मार्ट प्रीपेड मीटर और ग्रामीण उपभोक्ताओं को फायदा मिलेगा।

ग्रामीण इलाकों में कम हो गया बोझ

अब ग्रामीण इलाकों के बिजली उपभोक्ताओं का बोझ इससे कुछ हद तक कम हो गया है। ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 50 यूनिट तक 7.42 रुपए प्रति यूनिट भुगतान करना पड़ता है। जिस पर 5.45 रुपए सब्सिडी मिलती है। नए दर के हिसाब से प्रति यूनिट 1.97 रुपये लगेंगे। कुटीर ज्योति और घरेलू श्रेणी में 1 करोड़ 25 लाख उपभोक्ता हैं। 50 यूनिट से अधिक खपत वाले घरेलू और कुटीर ज्योति कनेक्शन (BPL) वाले उपभोक्ताओं को 54 पैसे प्रति यूनिट की छूट मिलेगी। इन उपभोक्ताओं को अब 2.45 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली बिल देना होगा। वहीं, इस श्रेणी के स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट का अतिरिक्त लाभ जुड़कर 79 पैसे प्रति यूनिट हो जाएगा।

स्मार्ट मीटर वाले उपभोक्ताओं को ज्यादा फायदा

इस 1 अप्रैल से ही बिहार सरकार ने स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगाने वालों को अतिरिक्त लाभ देने का फैसला किया था। लगभग 62 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को ये फायदा मिलेगा। स्मार्ट प्रीपेड मीटर वाले उपभोक्ताओं को 25 पैसे प्रति यूनिट सस्ती बिजली मिलेगी। पहले से ही सरकार प्रीपेड मीटर को रीचार्ज करने पर 3 फीसदी की छूट दे रही है। इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगवाने के छह महीने तक उपभोक्ता निर्धारित लोड से अधिक बिजली खपत करने पर भी कोई जुर्माना नहीं देंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article