Bihar News: बिहार सरकार ने खरीफ 2025 सीजन के लिए बीज वितरण अभियान को तेज कर दिया है। माननीय उप मुख्यमंत्री और कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने निर्देश जारी करते हुए कहा कि सभी किसानों को 20 जून तक उन्नत व प्रमाणित बीज हर हाल में उपलब्ध कराए जाएं। इससे किसानों को समय पर बुआई करने में मदद मिलेगी और उनकी उपज भी बेहतर होगी।
बीज वितरण का तय लक्ष्य
सरकार ने खरीफ फसलों के लिए बीज वितरण का स्पष्ट लक्ष्य तय किया है। संकर धान के लिए 30,000 क्विंटल, हाई यील्डिंग धान के लिए 30,069 क्विंटल, संकर मक्का के लिए 9,500 क्विंटल और अरहर के लिए 9,740 क्विंटल बीज किसानों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है। ये बीज वैज्ञानिक पद्धतियों से खेती करने में मदद करेंगे, जिससे किसान लाभ में रहेंगे।
ये भी पढ़ें - देश के 5 सबसे सुरक्षित एयरपोर्ट कौन से हैं? जानें
पारदर्शिता और प्रगति की निगरानी
माननीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बीज वितरण की जिलेवार निगरानी नियमित रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि बीज वितरण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होगी और किसानों की जरूरतों के अनुसार संचालित की जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे सरकार द्वारा दिए गए उन्नत बीजों का उपयोग करें और वैज्ञानिक तरीकों से खेती करें, ताकि ‘विकसित बिहार – समृद्ध किसान’ का सपना साकार हो सके।
