Jhansi Crime News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। जिले के एक प्रसिद्ध रेस्टोरेंट में अपने साथियों के साथ खाना खा रहे लॉ के छात्र (LLB Student) की अज्ञात हमलावर ने तमंचे से सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। गोलीबारी की इस सनसनीखेज वारदात से पूरे रेस्टोरेंट में भगदड़ और दहशत का माहौल बन गया।
गंभीर रूप से घायल छात्र को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी और कई थानों की पुलिस बल मौके पर पहुंच गई है।
मंदिर से दर्शन कर लौटे थे साथी
मृतक छात्र की पहचान गरौठा थाना क्षेत्र के हेवतपुरा निवासी संजय सिंह के रूप में हुई है। संजय एलएलबी (LL.B.) का छात्र था और अपने सीनियर एडवोकेट दशरथ सिंह यादव के मार्गदर्शन में कचहरी में वकालत की बारीकियां सीख रहा था। दरअसल, 23 जुलाई की रात लगभग 9:30 बजे संजय अपने सीनियर एडवोकेट दशरथ सिंह यादव और तीन अन्य दोस्तों के साथ मंदिर से दर्शन कर लौटा था। सभी लोग मेड किचन रेस्टोरेंट में बैठकर खाना खा रहे थे, तभी अचानक एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और बिना संभलने का मौका दिए संजय के सिर में तमंचे से सटाकर गोली मार दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ संजय को उसके साथी तुरंत मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हत्या के कारणों की तलाश जारी
रेस्टोरेंट जैसी सार्वजनिक जगह पर हुई इस जघन्य हत्या के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी और एसपी सिटी समेत भारी पुलिस बल ने घटना स्थल मेड किचन रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। पुलिस रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और साथ में खाना खा रहे वकीलों व रेस्टोरेंट स्टाफ से पूछताछ कर रही है। छात्र की हत्या किस रंजिश या वजह से की गई है, इसका खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
