पटना

Muzaffarpur: गैस एजेंसी में बदमाशों का तांडव, लूट का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, कैश लेकर हुए फरार

बिहार के मुजफ्फरपुर में स्थित एक गैस एजेंसी में लूट के लिए आए बदमाशों ने विरोध करने वाले संचालक के बेटे पर गोली चला दी। उसके बाद बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया और वहां से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया की युवक की हालत गंभीर है और उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

Image

मुजफ्फरपुर की गैस एजेंसी में ताबड़तोड़ फायरिंग (फोटो - iStock)

बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से ताबड़तोड़ फायरिंग और लूट का मामला सामने आया है। यहां कुछ बदमाशों ने गैस एजेंसी में घुसकर लूट की वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान लूट का विरोध करने वाले गैस एजेंसी के संचालक के पुत्र को बदमाशों ने दो गोली मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बदमाशों ने इसके बाद लूट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

युवक की हालत गंभीर

पुलिस ने बताया बदमाश पांच की संख्या में बाइक पर सवार होकर आए थे। सभी बदमाशों के चेहरे पर मास्क लगा हुआ था, ताकि उनका चेहरा न दिखे। बताया जा रहा है कि दो बदमाश गैस एजेंसी के बाहर खड़े रहे, जबकि तीन एजेंसी के अंदर घुसे और लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आगे बताया कि इस दौरान एजेंसी के संचालक जगरनाथ शाही के पुत्र, अभिनव कुमार उर्फ धीरज कुमार शाही (30), को लूट का विरोध किया तो बदमाशों ने उन्हें दो गोलियां मारी। एक गोली गर्दन में लगी और दूसरी गोली सीने में लगी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

जानकारी के अनुसार, घटना के बाद परिजनों ने धीरज को मुजफ्फरपुर के मां जानकी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने बताया कि धीरज की हालत नाजुक बनी हुई है। स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें पटना रेफर किया गया है। घटना को अंजाम देने बात आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। करजा थानाध्यक्ष रामकृष्ण परमहंस ने पुष्टि की है कि गोलीबारी की घटना हुई है और लूटी गई रकम के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है, लेकिन अभी तक परिजनों की ओर से कोई औपचारिक आवेदन नहीं दिया गया है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article