Covid Case in Bihar: कोरोना वायरस ने अब बिहार में भी दस्तक दे दी है। प्रदेश की राजधानी पटना में कोरोना के दो मरीज सामने आए हैं। पारस अस्पताल में कोविड के ये मामले सामने आए हैं। जिनमें से एक मरीज ने कंकड़बाग के एक निजी लैब में जांच कराई थी। मरीज ने 22 मई को सैंपल दिया था। जिसकी रिपॉर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल दोनों मरीजों की हालत ठीक है और उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया है।
14 महीने बाद पटना में कोरोना केस
पटना में करीब 14 महीने बाद कोरोना के नए मामले दर्ज किए गए हैं। पारस अस्पताल के डॉक्टर प्रकाश सिन्हा ने बताया कि चार दिन पहले दो मरीज अस्पताल में आए थे, जिन्हें सर्दी, खांसी और सांस लेने में परेशानी थी। जिनमें से एक मरीज को ओपीडी स्तर पर देखा गया। वहीं दूसरे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती किया गया। दोनों मरीजों के ऑक्सीजन स्तर में कमी होने के कारण उनका कोरोना टेस्ट कराया गया। जिसमें दोनों की रिपॉर्ट पॉजिटिव पाई गई। उन्होंने बताया कि दोनों भर्ती मरीज तीन दिनों में ठीक होकर अस्पताल से डिचार्ज हो गए हैं।
एक साल से बंद है फ्री कोविड टेस्ट सुविधा
पटना के किसी भी सरकारी अस्पताल में फिलहाल कोरोना की नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं है। यह सुविधा पिछले एक साल से बंद है। सिविल सर्जन कार्यालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आदेश नहीं आया है। लेकिन आदेश मिलने पर नि:शुल्क जांच की प्रक्रिया फिर से शुरू कर दी जाएगी। बता दें कि निजी लैब में कोरोना टेस्ट की लागत 1000 से 1400 रुपये है, इस वजह से लक्षण वाले लोग जांच कराने से हिचकिचा रहे हैं।
