Kota Student Suicide: राजस्थान के कोटा शहर से एक और छात्रा की सुसाइड की खबर सामने आई है। नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने रविवार को पीजी के कमरे में फांसी लगा ली। फिलहाल आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस को छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। पुलिस ने उसके शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्ट होगा।
जम्मू कश्मीर से आई कोटा
मृतक छात्रा की पहचान जम्मू-कश्मीर की रहने वाले जीशान के रूप में हुई है। वह एक साल पहले ही कोटा आई थी और नीट एग्जाम की तैयारी कर रही थी। छात्रा महावीर नगर इलाके में पीजी में रह रही थी। महावीर नगर पुलिस थाने के एएसआई छोटूलाल ने बताया कि घटनास्थल पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे का गेट अंदर से बंद मिला, जिसे खोलने के लिए गैस कटर की मदद ली गई। कमरे में छात्रा फंदे पर लटकी हुई पाई गई। जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोचिंग की रेगुलर स्टूडेंट नहीं थी जीशान
पुलिस द्वारा पूछताछ में अब तक पता चला है कि मृतक छात्रा जीशान नीट की प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए एक साल पहले जम्मू कश्मीर के अनंतनाग जिले से कोटा आई थी। वह किसी कोचिंग संस्थान में रेगुलर स्टूडेंट नहीं थी, बल्कि लाइब्रेरी में पढ़ने जाती थी। छात्रा जिस पीजी में रहा करती थी, उसमें उसकी एक फ्रेंड भी रहती है। जिसके पास किसी लड़के का फोन आया था, जिसने बताया कि जीशान सुसाइड कर सकती है। उसको जाकर देख लीजिए, लेकिन जब तक उसकी फ्रेंड जीशान के कमरे तक पहुंची तो कमरे का गेट अंदर से बंद था। जिसके बाद उसकी दोस्त ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
छात्रा के कमरे में नहीं थी एंटी हैंगिंग डिवाइस
पीजी के पास में ही कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। जहां काम कर रहे मजदूरों के पास कटर मशीन थी। उन्होंने तुरंत कटर मशीन से कमरे का गेट काट दिया। जबल गेट खुला तो अंदर छात्रा जीशान फांसी के फंदे पर लटकी मिली। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कमरे में छात्रा रहती थी, उसमें एंटी हैंगिंग डिवाइस नहीं लगी थी। फिलहाल पुलिस ने छात्रा के परिजनों को इस घटना की सूचना दे दी है। लेकिन अभी तक आत्महत्या की वजह पता नहीं चली है। परिजनों के कोटा आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। बता दें कि कोटा में साल 2025 में अब तक मेडिकल या इंजीनियरिंग एंट्रेंस एग्जाम की तैयारी करते हुए 15 कोचिंग स्टूडेंट सुसाइड कर चुके हैं।
